May 3, 2026

Uttarakhand Weather samachar: मौसम विभाग का दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट

0
uk Mausam- kedarnath yatra
  • Kedarnath Yatra: डीएम ग्राउंड जीरो पर, देर रात्रि कंट्रोल रूम पहुंचे

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और यात्रा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने वहां लगी सीसीटीवी कैमरों के जरिए यात्रा मार्ग, संवेदनशील जगहों और मौसम की स्थिति की निगरानी व्यवस्था को परखा।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगरानी और सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके। उन्होंने साफ कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इसके लिए 24 घंटे सतर्क रहना जरूरी है।

जिलाधिकारी ने एसओएस कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली भी जांची और निर्देश दिए कि सूचना का आदान-प्रदान तेज और सटीक होना चाहिए। आपदा या आपात स्थिति में तुरंत रिस्पॉन्स देने के लिए सिस्टम को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी रखने और हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

Uttarakhand Weather: पहाड़ों में बूंदाबांदी से मैदान में गिरा पारा

वहीं दूसरी ओर बीते कुछ दिनों से परेशान कर रही गर्मी के बीच मंगलवार को मौसम बदला तो मैदान से लेकर पहाड़ तक लोगों को बड़ी राहत मिली। मंगलवार सुबह पहाड़ी क्षेत्रों में हुई हल्की बूंदाबांदी का असर मैदानों में भी साफ दिखाई दिया। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य हुआ तो चुभती-जलती गर्मी से बड़ी राहत मिली।

दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहे और शाम होते-होते ठंडी हवाओं ने वातावरण को और भी सुहाना बना दिया। तेज धूप और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम के इस बदले मिजाज से बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की आवाजाही भी बढ़ी नजर आई। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकों में हुई हल्की बारिश और बादल छाने से तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे गर्मी का असर सीमित रहेगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की मौसमी गतिविधियां पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो रही हैं जो पहाड़ों में वर्षा और मैदानों में ठंडी हवाओं की वजह बन रही हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो मंगलवार को दून में दिन का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री के साथ सामान्य रहा। इससे पहले सोमवार को यह आंकड़ा 37.9 डिग्री दर्ज किया गया था। उधर नई टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री गिरावट के साथ 25.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया हालांकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा।

आज भी ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी
प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बुधवार को भी ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज दौर की बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो चार मई तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने के आसार हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *