भाजपा ने 2027 विस चुनाव के लिए बनाई खास रणनीति, ऐसे समझें
– कांग्रेस को आक्रमक अंदाज में देगी जवाब

BJP’s Strategy for 2027 : भाजपा ने 2027 विधान सभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के प्रदेश, जिला पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक के साथ ही रात्रिभोज आयोजित किया। इस कार्यक्रम में पार्टी की चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रत्येक जिले में विधायकों की स्थिति का फीडबैक लेने के साथ ही चुनावी साल में पार्टी की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
सीएम धामी ने इस दौरान पदाधिकारियों से कहा कि 2027 के चुनावों में हैट्रिक लगाने में सरकार और संगठन के समन्वय की सबसे अहम भूमिका रहेगी। कहा कि ऐसे में सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों को जनता के बीच ले जाना जरूरी है। बताया गया कि पार्टी की ओर से मंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जांएगे, जिसमें मंत्री, सांसदों के साथ ही वरिष्ठ पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार, तरुण बंसल आदि मौजूद रहे।
दरअसल, बीते कुछ समय से उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी बिगड़ती कानून व्यवस्था, अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा के प्रति हमलावर रुख अपनाए हुए है। बीते दिनों लोकभवन कूंच कार्यक्रम के दौरान उमड़ी भीड़ के जरिए कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन भी किया था। अब भाजपा कांग्रेस को उसी के अंदाज में जवाब देने की रणनीति बना रही है।
चुनौतियों को अवसर में बदलें
सीएमपुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रशिक्षण से चुनौतियों को अवसर में बदलने की सीख मिलती है। इसीलिए कार्यकर्ताओं के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम जरूरी हैं। सीएम ने कहा कि प्रशिक्षण पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा।
इस प्रशिक्षण अभियान से हमें और बेहतर तरीके से स्पष्ट होगा कि किस तरह हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर विकास का सहभागी बनाना है। उन्होंने कहा कि इससे हम खीखेंगे कि कैसे चुनौतियों को अवसर में बदला जाता है। प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं की संवेदनशीलता और समर्पण की भावना में भी इजाफा करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बार बार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा को मौका मिलने का मतलब है कि जनता झूठ, भ्रम, अफवाह और खोखले वादों पर विश्वास नहीं करती।
कार्यकर्ता: प्रशिक्षण से सशक्त बनेंगे
भाजपा के क्षेत्रीय प्रशिक्षण प्रभारी और मुख्य वक्ता अमरपाल मौर्य ने कहा कि यह अभियान, कार्यकर्ता निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण की अवधारणा को साकार करने के लिए आयोजित किया है। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि 24 फरवरी को कुमाऊं मंडल की प्रशिक्षण कार्यशाला और 26 को गढ़वाल मंडल की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित होगी। प्रशिक्षण से कार्यकर्ता सशक्त बनेंगे।
हासिल: जनता का विश्वास भी करना है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी का मकसद वोट के साथ ही जनता का विश्वास हासिल करना भी है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर योग्य, क्षमतावान और संवेदनशील बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। कहा कि भाजपा एक राजनैतिक संगठन है जो सामाजिक सरकारों के लिए काम करता है।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के सामाजिक कार्यक्षेत्र की कुशलता और विस्तार के लिए प्रशिक्षण बहुत जरूरी है। कार्यकर्ताओं को पार्टी के सिद्धांत और कार्यपद्धति को बारीकी से समझने का मौका मिलेगा। पार्टी की कार्य पद्धति समझने से भाजपा को प्रदेश में और अधिक मजबूती मिलेगी।
