हल्द्वानी में UP की कार ने दो दोस्तों को रौंदा
-
एक की मौत, दूसरा वेंटिलेटर पर…
हल्द्वानी में यूपी नंबर की कार ने दो दोस्तों को रौंद दिया, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। दोनों देर रात स्कूटी से रुद्रपुर से लौट रहे थे।
हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र में तेज रफ्तार यूपी नंबर की अर्टिगा कार ने सामने से स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों स्कूटी सवार हवा में उछलकर झाड़ियों में जा गिरे। हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं।
टक्कर और चीख-पुकार की आवाज सुनकर राहगीर मदद के लिए पहुंचे और घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने 22 वर्षीय अरसलान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
सिलसिलेवार ऐसे समझें पूरी खबर…
1. काम से लौट रहे थे दोनों दोस्त-
> हल्द्वानी के उत्तर उजाला निवासी 22 वर्षीय अरसलान अपने साथी के साथ एसी (AC) मैकेनिक का काम करता था। मंगलवार को दोनों दोस्त किसी काम के सिलसिले में रुद्रपुर गए हुए थे और देर शाम स्कूटी से वापस हल्द्वानी लौट रहे थे।
2. बेलबाबा के पास हुआ भीषण हादसा-
>रामपुर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र में बेलबाबा के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार यूपी नंबर की अर्टिगा कार ने उनकी स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी।
3. हवा में उछलकर झाड़ियों में गिरे-
> टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे। हादसे में कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
4. अस्पताल में एक को मृत घोषित किया गया-
> घटना की चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 22 वर्षीय अरसलान को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल दूसरे युवक की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। उसे चिकित्सकों की देखरेख में वेंटिलेटर पर रखा गया है।
5. कार ड्राइवर हिरासत में-
> पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा कार को कब्जे में ले लिया है और आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ व आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
