Uttarakhand samachar: नाबालिग का पीछा करने वाले मनचले को आक्रोशित लोगों ने जमकर की धुनाई, कपड़े फटे, FIR दर्ज
-
आरोपी युवक कई दिनों से नाबालिग लड़की का पीछा कर रहा था और उसे लगातार परेशान कर रहा था। लोगों ने युवक को बंजारावाला बाजार में पकड़ लिया।
एक मनचले ने देहरादून के बंजारावाला क्षेत्र में 10वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा का पीछा किया। इससे आक्रोशित लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। आरोपी मोहम्मद शाद के खिलाफ पटेलनगर थाने में नाबालिग से छेड़खानी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शाद नाबालिग का लंबे समय से पीछा कर रहा था। आरोप है कि पिछले करीब एक साल से स्कूल आते-जाते समय वह छात्रा का पीछा कर उसे परेशान करता था।
युवक की इन्हीं हरकतों से परेशान होकर छात्रा ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने स्थानीय लोगों को भी पूरे मामले से अवगत कराया। मुस्लिम युवक के हिंदू किशोरी का पीछा कर परेशान किए जाने की जानकारी जैसे ही स्थानीय लोगों को मिली तो पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
गुस्से में आए लोग कई जगहों पर आरोपी युवक को तलाशने लगे। इसी समय आरोपी एक बार फिर से छात्रा को तलाश करता हुआ बंजारावाला पहुंचा। इसकी सूचना मिलते ही आक्रोशित लोगों सहित छात्रा के परिजन भी वहां पहुंच गए। पूछताछ करने पर वह इधर उधर की बातें करने लगा व भीड़ पर उल्टा हावी होने का प्रयास करने लगा।
इससे गुस्से में भरे बैठे लोग आरोपी शाद के साथ मारपीट पर उतर आए। आरोपी के इस खींचतान में कपड़े फट गए। उसको पीटने का लोगों ने वीडियों भी बनाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पटेलनगर थाना से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी को भीड़ के चुंगल से छुडाकर हिरासत में लिया। इसके बाद थाने आकर परिजनों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने कहा कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
