कोलंबो. भारतीय दर्शकों के लिए लगातार चौथा रविवार सुपर संडे साबित हुआ। एशिया कप में भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार तीन मैच जीते और अब महिला टीम ने आइसीसी वनडे विश्व कप में पाकिस्तान की टीम को यहां 88 रन से धो दिया।
भारतीय महिलाओं ने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में अजेय अभियान भी जारी रखा और लगातार 12वीं शिकस्त दी। पाक ने टॉस जीता और गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम 50 ओवर में 247 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में पाक टीम 43ओवर में सिर्फ 151 रन बनाकर ढेर हो गई। भारतीय टीम की ये लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले, उसने श्रीलंका को हराया था।
मैच रेफरी की गलती व पाक कप्तान की बेईमानी…
टॉस के दौरान मैच रेफरी की गलती और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना की बेइमानी सामने आई। दरअसल, मैच रेफरी शांद्रे फ्रिट्ज और टॉस प्रेंजेटर मेल जोंस ने पाक कप्तान फातिमा सना से टॉस के लिए कॉल किया, जिन्होंने टेल्स कहा। लेकिन टॉस हेड्स आया और मैच रेफरी ने सना को टॉस का विजेता घोषित कर दिया, लेकिन यहां पाक कप्तान ने बेईमानी कर दी और तुरंत गेंदबाजी करने का फैसला कर लिया, जबकि उन्हें ईमानदारी बरतते हुए मैच रेफरी से कहना चाहिए था कि मैंने हेड्स नहीं टेल्स कहा था और भारतीय कप्तान ने टॉस जीता है, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
हरमनप्रीत ने नहीं मिलाया हाथ…
हाल ही में खेले गए एशिया कप में भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हाथ नहीं मिलाया था। कुछ ऐसा ही महिला टीमों के बीच भी देखने को मिला, जहां भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस के दौरान एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया और एक-दूसरे को देखा भी नहीं।
प्लेयर ऑफ द मैच
भारत की ओर से स्पिनर मीडियम पेसर क्रांति गौड़ ने शानदार गेंदबाजी की और प्लेयर ऑफ द मैच बनीं। उन्होंने १० ओवर में २० रन देकर तीन विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने तीन ओवर मेडन फेंके।
शबनिम के नाम सबसे तेज गेंद फेंकने का रेकॉर्ड…
तेज गेंदबाजी की जब भी बात आती है तो शोएब अख्तर और ब्रेट ली जैसे तूफानी पेसरों का नाम आता है, जो 150 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद फेंकते थे, लेकिन क्या आप जानते हैं कि महिला क्रिकेट में सबसे तेज गेंद फेंकने का रेकॉर्ड किस गेंदबाज के नाम है? ये रेकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका की 37 वर्षीय तेज गेंदबाज शबनिम इस्माइल के नाम है, जो 132.1 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंक चुकी हैं।
स्पीड : 126.7किमी/ प्रति घंटा
भारत की झूलन गोस्वामी शीर्ष पांच में एकमात्र भारतीय तेज गेंदबाज हैं।
पुरुष क्रिकेट में ये सबसे तूफानी गेंदबाज…
जहां तक पुरुष क्रिकेट की बात है तो सबसे तेज गेंद फेंकने का रेकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के नाम है, लेकिन शीर्ष पांच तेज गेंदबाजों में चार ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं।
विशेष पल:
भारत बनाम पाकिस्तान का मुकाबला हो और मैच शांति से निपट जाए, ऐसा तो हो नहीं सकता। रविवार रात आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 के लीग चरण में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में उस समय माहौल काफी गर्मा गया, जब पाकिस्तानी गेंदबाज नशरा संधू ने गेंद फेंकने के बाद हरमनप्रीत कौर को गुस्से में घूरा। ऐसे में मैदान पर अपनी गर्म मिजाजी के लिए मशहूर हरमनप्रीत कौर कहां चुप बैठने वाली थीं। हरमन ने पहले तो नशरा को घूरा फिर गाली से करारा जवाब दिया। हरमनप्रीत का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।