November 3, 2026

टी20 सीरीज के बाद अब वनडे में भारत-न्यूजीलैंड की भिड़ंत, रोहित-विराट की वापसी से बढ़ा रोमांच, जानें पूरा शेड्यूल और टीमें

0
5-1793687669
नई दिल्ली । न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 3-2 से जीत दर्ज करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब वनडे मुकाबलों के लिए मैदान में उतरने जा रही है। दोनों देशों के बीच पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज 4 नवंबर से शुरू होगी और इसका आखिरी मुकाबला 15 नवंबर को खेला जाएगा। इस दौरे पर भारतीय टीम की नजरें सीरीज जीतने के साथ-साथ 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों पर भी रहेंगी। इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को खेलते देखने का मौका मिलेगा।

सीरीज का पहला मुकाबला न्यूजीलैंड के ऑकलैंड स्थित ईडन पार्क में खेला जाएगा। भारतीय टीम ने अपनी पिछली वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज को घरेलू मैदान पर 2-1 से हराया था। अब टीम की कोशिश न्यूजीलैंड की धरती पर तीसरी बार द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने की होगी। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम भी अच्छी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी। उसने जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज 3-2 से अपने नाम की थी।

भारतीय टीम की कप्तानी में इस बार बदलाव देखने को मिलेगा। शुरुआती तीन मुकाबलों में शुभमन गिल टीम की कमान संभालेंगे, जबकि आखिरी दो मैचों में श्रेयस अय्यर कप्तान की भूमिका निभाएंगे। श्रेयस शुरुआती तीन मैचों में उपकप्तान रहेंगे। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस सीरीज के लिए आराम दिया गया है। वहीं, चोटिल प्रसिद्ध कृष्णा की जगह शुरुआती तीन वनडे के लिए औकिब नबी को टीम में शामिल किया गया है।

भारत के शुरुआती तीन वनडे के लिए घोषित टीम में शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बरार, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और नीतीश कुमार रेड्डी शामिल हैं। नीतीश कुमार रेड्डी को केवल पहले वनडे के लिए टीम में जगह दी गई है।

चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। इस टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन, अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बरार, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव को शामिल किया गया है। ईशान किशन को उपकप्तान और विकेटकीपर की जिम्मेदारी दी गई है।

न्यूजीलैंड की टीम की कप्तानी मिचेल सेंटनर करेंगे। शुरुआती तीन मुकाबलों के लिए टीम में माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जेमीसन, टॉम लाथम, टिम सीफर्ट, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, विल यंग, ब्लेयर टिकनर और हेनरी निकोल्स शामिल हैं।

आखिरी दो वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम में फिन एलन, क्रिस्टियन क्लार्क, मैट फिशर, लॉकी फर्ग्यूसन, मिच हे, निक केली और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को शामिल किया गया है। माइकल ब्रेसवेल, जैकब डफी, टिम सीफर्ट, ब्लेयर टिकनर, विल यंग और मिचेल सेंटनर भी टीम का हिस्सा रहेंगे। रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं।

पांचों मुकाबले डे-नाइट प्रारूप में खेले जाएंगे। भारतीय समयानुसार सभी मैच सुबह 7:30 बजे शुरू होंगे। पहला वनडे 4 नवंबर को ऑकलैंड, दूसरा 7 नवंबर को वेलिंगटन और तीसरा 10 नवंबर को हैमिल्टन में होगा। चौथा मुकाबला 13 नवंबर और पांचवां मैच 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेला जाएगा। इस तरह दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज का समापन 15 नवंबर को होगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *