March 8, 2026

होली पर मुरैना में जमीनी विवाद में चली गोलियां, पुलिस आरक्षक ने की फायरिंग

0
7-10-1772870715

मुरैना। पोरसा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कॉन्थर कलां के मजरा मड़ोखर में होली के अवसर पर छुट्टी आए एक पुलिस आरक्षक और ग्रामीणों के बीच पुराने जमीनी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। गुरुवार दोपहर जैसे ही आरक्षक मलखान सिंह अपने चाचा धनवीर सिंह के साथ गांव पहुंचे पुराने विवाद की बातें फिर से तूल पकड़ गईं। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने बंदूक निकाल ली और फायरिंग शुरू हो गई।

स्थानीय लोगों और ग्रामीणों के अनुसार आरक्षक मलखान सिंह और उनके चाचा धनवीर सिंह ने पहले फायरिंग शुरू की इसके जवाब में बंटू तोमर और अंकित तोमर ने भी अपनी बंदूक से गोलियां चलाई। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फायरिंग के दौरान गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।

यह विवाद मूल रूप से एक ही परिवार के बीच चल रहा है। कॉन्थर कलां ग्राम के मजरा मड़ोखर के बंटू अंकित और मोनू तोमर और आरक्षक मलखान सिंह व उनके चाचा धनवीर सिंह के बीच वर्षों से जमीन का मामला अनसुलझा पड़ा था। पहले भी जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हुआ था लेकिन गुरुवार को होली के मौके पर पुराना विवाद फिर उभर आया और बहस के बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी की नौबत आ गई।घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें फायरिंग और विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है।

वीडियो के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की है और मामले की जांच में जुट गई है।पोरसा थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले में शामिल कुछ लोगों को थाने बुलाया। उन्होंने कहा कि एक पक्ष की ओर से बंटू और अंकित तोमर पर केस दर्ज किया गया है जबकि दूसरे पक्ष की जांच जारी है। अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि होली के दिन इस तरह की हिंसक घटना से गांव में डर और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने सभी पक्षों को शांत रहने और मामले में सहयोग करने के लिए निर्देशित किया है।

स्थानीय लोग और प्रशासन अब इस विवाद पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। घटना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पुराने जमीनी मामलों में समय पर समाधान न होने से विवाद कभी भी हिंसक रूप ले सकता है। इस घटना ने मुरैना जिले में सुरक्षा और कानून व्यवस्था की संवेदनशीलता को भी सामने रखा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया है कि न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *