भोपाल में दिवाली पर सुरक्षा का बड़ा इंतजाम, 11 फायर स्टेशनों पर 30 दमकल और 22 टैंकर रहेंगे अलर्ट, पुराने शहर में तय हुई पार्किंग
नगर निगम ने पटाखा बाजारों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। फायर ऑफिसर सौरभ पटेल के मुताबिक हर पटाखा मार्केट में एक दमकल वाहन तैनात किया जाएगा। इसका उद्देश्य आग लगने की किसी भी घटना पर तुरंत काबू पाना है। न्यू मार्केट के साथ पुराने शहर के बाजारों में भी फायर टीमों की तैनाती की जाएगी। फतेहगढ़ जिंसी चौराहा कोलार होशंगाबाद रोड रायसेन रोड और करोंद सहित शहर के सभी 11 फायर स्टेशनों पर दमकल और पानी के टैंकर तैयार रहेंगे। सूचना मिलते ही टीमों को मौके पर भेजा जाएगा।
इस बार फायर अमले के सामने सबसे बड़ी चुनौती पुराने शहर की संकरी गलियां होंगी। यहां कई बाजार और रहवासी इलाके ऐसे हैं जहां बड़े दमकल वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते। कई स्थानों पर भीड़ और जाम के कारण भी राहत कार्य में देरी हो सकती है। इसी समस्या को देखते हुए जरूरत पड़ने पर छोटे फायर वाहनों को बाजारों और तंग गलियों में भेजने की व्यवस्था की गई है। न्यू मार्केट में 8 अक्टूबर को आग लगने की बड़ी घटना हो चुकी है। इस घटना के बाद फायर विभाग त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता। नगर निगम लोगों को सावधानी से पटाखे चलाने की अपील भी कर रहा है। इसके लिए जागरूकता से जुड़े पर्चे बांटे जा रहे हैं।
खरीदारी के लिए पुराने शहर पहुंचने वाले लोगों को वाहन पार्किंग की समस्या न हो इसके लिए पांच स्थान तय किए गए हैं। इनमें भोपाल टॉकीज चौराहे के पास बाल विहार ग्राउंड मोती मस्जिद के सामने नगर निगम की मल्टीलेवल पार्किंग कोतवाली थाने के दाईं ओर भवानी चौक और मोती मस्जिद के बीच का स्थान तथा भारत टॉकीज के पास सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान शामिल हैं। यातायात पुलिस ने लोगों से इन्हीं निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़े करने की अपील की है।
10 नंबर मार्केट में 4 से 9 नवंबर तक जरूरत के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। वंदे मातरम चौराहे से वाहन मार्केट में प्रवेश कर मार्केट तिराहे से नेशनल अस्पताल की ओर जा सकेंगे। साढ़े 10 नंबर स्टॉप से आने वाले वाहन भी मार्केट तिराहे से नेशनल अस्पताल की ओर जा सकेंगे। वहीं नेशनल अस्पताल से 10 नंबर मार्केट और 10 नंबर मार्केट से वंदे मातरम चौराहे की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यहां आने वाले लोग बिट्टन मार्केट और 10 नंबर मार्केट की नगर निगम पार्किंग के साथ मनोहर डेयरी के पास वाहन खड़े कर सकेंगे।
न्यू मार्केट में खरीदारी करने वालों के लिए टीटी नगर थाना चौराहे के पास मल्टीलेवल पार्किंग तय की गई है। बाजार में यातायात का दबाव बढ़ने पर रंगमहल चौराहे से थाना चौराहे और टीटी क्रॉस तिराहे से थाना चौराहे की ओर आने वाले वाहनों को मटका चौराहा और स्पोर्ट मार्ट की ओर डायवर्ट किया जाएगा। एमपी नगर जोन-1 में आने वाले लोग मल्टीलेवल पार्किंग और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग कर सकेंगे। बैरागढ़ में पंचानन चौराहे के पास मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था की गई है। नए ब्रिज के निर्माण के चलते पीडब्ल्यूडी की ओर से तैयार किए जा रहे छोटे पार्किंग स्थलों पर भी ग्राहक कुछ समय के लिए वाहन खड़े कर सकेंगे।
यातायात पुलिस ने व्यापारियों से दुकानों में सामान की लोडिंग और अनलोडिंग रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीच करने की अपील की है। इससे दिन के समय बाजारों में वाहनों का दबाव कम रखने में मदद मिलेगी। नागरिकों से सार्वजनिक यात्री वाहनों का इस्तेमाल करने और बाजारों में अनावश्यक वाहन लेकर नहीं आने की अपील की गई है। त्योहार के दौरान बाजारों में निकलने से पहले पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी रखना लोगों के लिए फायदेमंद रहेगा।
