भोपाल में एक ही छत के नीचे मिलेगा देशी-विदेशी जायकों का अनोखा संगम, पोहा-जलेबी से जापानी कुजीन तक 35 तरह की मिठाइयों का स्वाद
रेस्टोरेंट की खासियत इसका विविधतापूर्ण मेन्यू होगा जिसमें भोपाल के लोकप्रिय पोहा-जलेबी से लेकर देश के दूसरे हिस्सों के पारंपरिक पकवान शामिल किए जाएंगे। ब्रेकफास्ट बुफे में छोले-भटूरे और बेड़मी-पूरी जैसे व्यंजनों के साथ बिहार और महाराष्ट्र के पारंपरिक स्वाद भी चखने को मिलेंगे। दक्षिण भारतीय भोजन पसंद करने वाले लोगों के लिए इडली और डोसा के अलावा अप्पम पनियारम इडियप्पम और कडला करी जैसे विकल्प भी उपलब्ध रहेंगे। इस तरह सुबह के नाश्ते में स्थानीय स्वाद के साथ देश के अलग-अलग क्षेत्रों की खानपान परंपराओं का अनुभव मिलेगा।
लंच और डिनर के दौरान भारतीय व्यंजनों के साथ अंतरराष्ट्रीय कुजीन को भी प्रमुखता दी जाएगी। रेस्टोरेंट में थाई कोरियन जापानी और चाइनीज व्यंजनों के विकल्प उपलब्ध होंगे। इससे उन लोगों को खास अनुभव मिल सकेगा जो भारतीय भोजन के साथ विदेशी जायकों का स्वाद लेना पसंद करते हैं। मेन्यू में पारंपरिक और आधुनिक व्यंजनों का मेल देखने को मिलेगा। होटल प्रबंधन का उद्देश्य मेहमानों को एक ही स्थान पर अलग-अलग तरह के भोजन का विकल्प देना है ताकि परिवार और दोस्तों के साथ आने वाले लोग अपनी पसंद के अनुसार व्यंजन चुन सकें।
सब्सटेंस का चाट काउंटर भी खास आकर्षण बनने जा रहा है। यहां पारंपरिक भारतीय चाट के साथ कुछ नए प्रयोग भी देखने को मिलेंगे। एवोकाडो चाट और बुराटा-बाल्समिक चाट जैसे विकल्पों के जरिए चाट को नए अंदाज में पेश किया जाएगा। पारंपरिक स्वाद के साथ आधुनिक खाद्य सामग्री का यह मेल उन लोगों को आकर्षित कर सकता है जो कुछ नया चखना चाहते हैं। इसके अलावा मिठाइयों के शौकीनों के लिए भी यहां खास इंतजाम किए गए हैं। एग्जीक्यूटिव शेफ अमोल के मुताबिक डेजर्ट बुफे में भारतीय और पश्चिमी स्वाद की लगभग 30 से 35 तरह की मिठाइयां उपलब्ध होंगी।
रेस्टोरेंट में केवल भोजन की विविधता पर ही नहीं बल्कि बैठने की व्यवस्था और माहौल पर भी ध्यान दिया गया है। यहां एक समय में करीब 140 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। मेहमानों के लिए प्राइवेट डाइनिंग रूम सेमी-प्राइवेट सीटिंग हाई-टेबल और सोफा सीटिंग जैसे विकल्प उपलब्ध रहेंगे। खुले वातावरण में भोजन करने के इच्छुक लोगों के लिए अल्फ्रेस्को सीटिंग की व्यवस्था भी की गई है। परिवार के साथ भोजन करने दोस्तों के साथ मिलने-जुलने और किटी पार्टी जैसे छोटे आयोजनों के लिए अलग-अलग तरह की सीटिंग उपयोगी रहेगी।
होटल के फूड एंड बेवरेज मैनेजर मनीष कुमार के अनुसार रेस्टोरेंट में मेहमानों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लाइव कुकिंग स्टेशन भी बनाए गए हैं। यहां भोजन तैयार होते देखने का मौका मिलेगा। इसके साथ लाइव म्यूजिक की व्यवस्था भी रहेगी जिससे खाने के साथ मनोरंजन का अनुभव भी जुड़ सकेगा। कुल मिलाकर सब्सटेंस में स्थानीय स्वाद क्षेत्रीय पकवान अंतरराष्ट्रीय कुजीन और आधुनिक डाइनिंग सुविधाओं को एक साथ लाने की कोशिश की गई है। 31 अक्टूबर से शुरू होने वाला यह रेस्टोरेंट भोपाल में अलग-अलग तरह के व्यंजनों का अनुभव लेने वालों के लिए नया विकल्प पेश करेगा।
