March 8, 2026

सावधान! इंटरनेट से मिले 'लोन एजेंट' ने लगाया ढाई लाख का चूना; ग्वालियर में मकान बनाने के लिए कर्ज ले रहे युवक के साथ फ्रॉड

0
11-12-1770803525

ग्वालियर। शहर के मुरार थाना क्षेत्र में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के साथ ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर ₹2.5 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपने मकान निर्माण के लिए फंड की तलाश में इंटरनेट पर ‘लोन एजेंट’ सर्च किया था, लेकिन उसे क्या पता था कि गूगल सर्च का यह नतीजा उसकी जमा-पूंजी भी छीन लेगा। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर साइबर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

मूल रूप से कैलारस मुरैना के रहने वाले अवधेश शिवहरे वर्तमान में ग्वालियर की सीपी कॉलोनी में किराए से रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि जनवरी की शुरुआत में उन्होंने गूगल पर लोन के लिए सर्च किया था। इस दौरान मिले एक नंबर पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताया और लोन प्रक्रिया के नाम पर आधार कार्ड, पैन कार्ड और सैलरी स्लिप जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज हासिल कर लिए।

जालसाजों ने ठगी के लिए ‘सोशल इंजीनियरिंग’ का सहारा लिया। 6 से 13 जनवरी के बीच हुई इस साजिश में पीड़ित के पास गुरुग्राम स्थित आईडीएफसी IDFC बैंक के नाम से ₹6.49 लाख का फर्जी लोन स्वीकृति संदेश भी भेजा गया। इसके बाद ठग ने पीड़ित को विश्वास में लेकर कहा कि वह क्रेडिट कार्ड के जरिए इस पर ‘टॉपअप’ दिला सकता है। इस प्रक्रिया के लिए ₹2.5 लाख की ‘सिक्योरिटी डिपॉजिट’ मांगी गई, जिसे पीड़ित ने झांसे में आकर ट्रांसफर कर दिया। रकम मिलते ही आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया।

मुरार थाना पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह फर्जी कॉल और सोशल इंजीनियरिंग का मामला लग रहा है। साइबर टीम उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की पड़ताल कर रही है जहाँ राशि ट्रांसफर की गई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि आधिकारिक बैंकिंग पोर्टल के अलावा किसी भी अनजान व्यक्ति को दस्तावेज देना या अग्रिम भुगतान करना हमेशा वित्तीय जोखिम को न्यौता देता है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *