March 8, 2026

Who will be Delhi CM: प्रवेश वर्मा-विजेंद्र गुप्ता या कोई और…

0
delhi cm faces
  • दिल्ली मुख्यमंत्री की रेस में ये 6 दिग्गज

Who will be Delhi CM: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे शनिवार को घोषित कर द‍िए गए। 27 साल के बाद भाजपा दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने जा रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, भाजपा 48 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी है। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) 22 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर है। अब चर्चा इस बात की हो रही है कि दिल्ली में बीजेपी का मुख्यमंत्री कौन बनेगा। वैसे दिल्ली के लिए कई दिग्गज नेताओं के नाम की चर्चा हो रही है। इस बीच दिल्ली के बीजेपी प्रभारी जय पांडा ने कहा है कि जल्द ही मुख्यमंत्री का नाम का ऐलान किया जाएगा।

प्रवेश साहिब सिंह वर्मा (47)

केजरीवाल को नई सीट से हराने के कारण प्रवेश साहिब सिंह वर्मा प्रबल दावेदार ठहरे। सांसद रह चुके हैं। जाट होने के कारण दिल्ली से लेकर हरियाणा, राजस्थान और यूपी तक संदेश जाएगा।

रेखा गुप्ता (51)

महिला और वैश्य दोनों वोटबैंक को साधती हैं। शालीमार बाग से भारी वोटों से जीती रेखा पार्षद और दिल्ली विवि की छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुकीं हैं।

मनजिंदर सिंह सिरसा (52)

अगर भाजपा को पंजाब और सिख समुदाय को साधने की फिक्र हुई तो फिर राजौरी गार्डन से चुनाव जीते मनजिंदर सिंह सिरसा पर भी पार्टी दांव खेल सकती है।

विजेंद्र गुप्ता (61)

तीसरी बार विधायक बने हैं। आप की लहर में भी रोहिणी से दो चुनाव जीत चुके हैं। अनुभवी हैं और वैश्य वोटबैंक को साधते हैं।

सतीश उपाध्याय (62)

मालवीय नगर से चुनाव जीते सतीश उपाध्याय भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। पार्षद भी रहे हैं। संगठन कौशल में माहिर माने जाते हैं।

मोहन सिंह बिष्ट (67)

छठीं बार विधायक बने हैं मोहन सिंह बिष्ट। राजपूत और पहाड़ी मतदाताओं को साधते हैं।

डॉर्क हार्स: ये भी हो सकते हैं

उत्तम नगर सीट जीते पवन शर्मा और आदर्श नगर से राजकुमार भाटिया और जनकपुरी से जीते आशीष सूद भी डार्क हॉर्स साबित हो सकते हैं। पवन और राजकुमार भाटिया संघ पृष्ठभूमि के हैं। ग्रेटर कैलाश से विधायक बनीं शिखा रॉय भी दावेदार मानी जा रहीं हैं।

विकास, विजन और विश्वास की जीत : PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल भाजपा मुख्यालय में संबोधित करते हुए कहा, आज दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और सुकून भी है। उत्साह विजय का है, सुकून दिल्ली को आप-दा से मुक्त कराने का है। दिल्ली के लोगों का ये प्यार ये विश्वास हम सभी पर एक कर्ज है। दिल्ली की डबल इंजन सरकार दिल्ली का डबल तेजी से विकास करके ये कर्ज चुकाएगी। आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई आप-दा की हार हुई है।

रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे : केजरीवाल

आप राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम लोगों के जनादेश को बड़ी विनम्रता से स्वीकार करते हैं। मैं भाजपा को इस जीत के लिए बधाई देता हूं। उम्मीद करता हूं कि वे उन सभी वादों को पूरा करेंगे, जिनके लिए लोगों ने उन्हें वोट दिया है। हम न केवल एक रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे, वरन लोगों के बीच रहेंगे और उनकी सेवा करते रहेंगे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *