July 15, 2026

UP: सावन में कांवड़ियों का होगा खास स्वागत, रूट पर नॉनवेज-अंडे की बिक्री पर रोक, प्रसाद में मिलेंगे पौधे

0
photo9-1-1784103429

बरेली। सावन महीने में होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार कांवड़ियों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रमुख शिव मंदिरों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में पौधे भी बांटे जाएंगे।

प्रशासन की ओर से पिछले वर्ष भी कांवड़ियों और नाथ नगरी के प्रमुख शिव मंदिरों पर हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश की गई थी। इस बार भी अलखनाथ मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, धोपेश्वरनाथ मंदिर, तपेश्वरनाथ मंदिर और वनखंडीनाथ मंदिर समेत अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुष्पवर्षा की योजना बनाई गई है। इसके अलावा कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों, खासतौर पर रामगंगा पुल पर भी आसमान से फूल बरसाए जाएंगे।

कांवड़ मार्गों पर मांसाहार और अंडे की बिक्री पर रोक
कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर खान-पान व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर किसी भी तरह के मांसाहारी उत्पाद और अंडे की बिक्री नहीं की जाए। साथ ही सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ एप के स्टीकर लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कांवड़ियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

बैठक में लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। बिना औषधि लाइसेंस चल रहे प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस और पंजीकरण में एक सप्ताह के भीतर 20 प्रतिशत वृद्धि करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा दुकानों और प्रतिष्ठानों की अचानक जांच कर साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की निगरानी करने को कहा गया है।

बरेली-बदायूं रोड पर जल्द सुधार के निर्देश
सावन से पहले कांवड़ियों की सुविधा को देखते हुए बरेली-बदायूं राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। इस मार्ग पर चौड़ीकरण का काम चल रहा है, जिसके कारण कई जगह डायवर्जन और निर्माण सामग्री फैली हुई है।

कमिश्नर ने हाल ही में सड़क का निरीक्षण कर एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन शुरू होने से पहले सड़क को इस स्थिति में लाया जाए कि कांवड़ियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। जहां यातायात अधिक प्रभावित हो रहा है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया है। प्रशासन के अनुसार, सावन शुरू होने से दो दिन पहले से डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि घर से निकलने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी जरूर ले लें।

पुष्पवर्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि सावन के पवित्र महीने में कांवड़ियों का सम्मान विशेष तरीके से किया जाएगा। पुष्पवर्षा के साथ उन्हें प्रसाद के रूप में पौधे भी वितरित किए जाएंगे।

इस पहल का उद्देश्य कांवड़ियों के स्वागत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के प्रति लोगों को जागरूक करना है। वन विभाग मंदिरों से संपर्क कर पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा और पौधरोपण से जुड़ी स्वयंसेवी संस्थाओं की भी मदद ली जाएगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *