ममता बनर्जी ने खोला ‘इंडिया’ संगठन की हार का राज!
-
उन्होंने किताब में लिखा है कि 2024 के आम चुनावों में हार का कारण कांग्रेस थी।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कोलकाता पुस्तक मेले में तीन किताबों का विमोचन हुआ। उनमें सबसे ज्यादा चर्चा ‘बांग्लार निर्वाचन ओ आमरा’ (बंगाल के चुनाव और हम) की हो रही है। इस किताब में 2024 के लोकसभा चुनावों जिक्र करते हुए उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने किताब में लिखा है कि 2024 के आम चुनावों में हार का कारण कांग्रेस थी।
कांग्रेस मजबूत नहीं हुई
कांग्रेस की सीटों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने लिखा, कांग्रेस को जो भी सीटें मिलीं वो इसलिए नहीं कि कांग्रेस मजबूत हुई है, बल्कि इसलिए कि उन सीटों पर इंडिया गठबंधन ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा। उसका लाभ कांग्रेस को मिला और उसकी सीटें बढ़ीं। गठबंधन के नेतृत्व को लेकर उन्होंने लिखा कि जिन राज्यों में जो विपक्षी दल मजबूत है वहां पर उसकी अगुवाई में ही चुनाव लड़ा जाए।
कांग्रेस: तृणमूल के खिलाफ लड़ा चुनाव
जिन राज्यों में गठबंधन हो गया वहां तो विपक्ष ने मिलकर चुनाव लड़ा। लेकिन, जहां नहीं हुआ वहां सब आपस में ही लडने लगे। इसका सीधा फायदा भाजपा को हुआ। उसको फिर भी पूर्ण बहुमत नहीं मिला। ममता का कहना है कि एक तरह से बंगाल में तृणमूल के खिलाफ कांग्रेस, लेफ्ट और भाजपा सभी चुनाव लड़ रहे थे।
