September 21, 2026

लखीमपुर के स्कूल में शिक्षिका की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने खुद को भी मारी गोली, बच्चों के सामने हुई वारदात

0
untitled-1789984464

लखीमपुर खीरी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल में सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे गोलीकांड से हड़कंप मच गया। एक युवक ने स्कूल की शिक्षिका निशात फातिमा को गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान स्कूल में बच्चे मौजूद थे, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे सहम गए।

स्कूल की पहली मंजिल पर हुई वारदात

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नौरंगाबाद निवासी सऊद अंसारी स्कूल परिसर में पहुंचा था। वह पहली मंजिल पर गया, जहां क्लासरूम के बाहर शिक्षिका निशात फातिमा से उसकी कहासुनी हुई। इसके बाद उसने तमंचे से शिक्षिका को गोली मार दी। कुछ ही देर बाद युवक ने अपनी कनपटी पर भी गोली चला ली। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद स्कूल में मौजूद बच्चों और स्टाफ के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने स्कूल स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

बच्चों को भेजा गया घर

गोलीकांड की खबर फैलते ही स्कूल के बाहर अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन अपने बच्चों को लेकर चिंतित नजर आए। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को घर भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

प्रेम प्रसंग के एंगल पर जांच

पुलिस को शुरुआती तौर पर घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का शक है। निशात फातिमा हिदायत नगर की रहने वाली थीं, जबकि सऊद अंसारी नौरंगाबाद का निवासी बताया गया है। दोनों के मोहल्ले आसपास बताए जा रहे हैं। हालांकि, वारदात की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

एसपी ने बताया- पहले शिक्षिका को मारी गोली

पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के मुताबिक युवक स्कूल परिसर में आया था और पहली मंजिल पर शिक्षिका से उसकी कहासुनी हुई। इसके बाद उसने पहले शिक्षिका को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

घटना ने स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक हथियार लेकर स्कूल के अंदर तक कैसे पहुंचा और वारदात से पहले उसके और शिक्षिका के बीच क्या बातचीत हुई थी। सीसीटीवी फुटेज और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *