भव्य दीपावली: पहली बार पूरा राम मंदिर परिसर जगमगाएगा
– अयोध्या में ऐतिहासिक होगा दीपोत्सव

इस वर्ष का दीपोत्सव अयोध्या के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। पहली बार भव्य राम मंदिर का संपूर्ण 70 एकड़ परिसर दीपों की लौ से जगमगाएगा। रामनगरी के चारों दिशाओं में फैले चार किलोमीटर के क्षेत्र में लगभग 1.5 लाख दीप जलाकर एक आध्यात्मिक अनुभव रचने की तैयारी की जा रही है। 19 अक्टूबर, शाम 5:30 बजे, जब पूरा मंदिर परिसर एक साथ दीपों से नहाएगा, तब श्रद्धालु न केवल रोशनी का महासागर देखेंगे, बल्कि उस पावन धरती की दिव्यता को महसूस करेंगे जहां भगवान श्रीराम का जन्म हुआ।
दुनिया देखेगी: दो वर्ल्ड रेकॉर्ड बनेंगे
गिनीज वर्ल्ड रेकॉर्ड्स की 30 सदस्यीय टीम अयोध्या पहुंच चुकी है। टीम के कंसल्टेंट निश्चल बरोट के मुताबिक, इस बार दो नए विश्व रेकॉर्ड दर्ज होंगे—एक दीयों की संख्या के लिए, दूसरा ड्रोन शो के लिए।
सांस्कृतिक और भावनात्मक महत्व
अयोध्या में दीपोत्सव सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक बन चुका है। जहां भगवान राम के जीवन का संदेश गूंजेगा, वहीं दूसरी ओर भारत की तकनीकी और सांस्कृतिक शक्ति का संगम दिखेगा।
1,100 स्वदेशी ड्रोन सुनाएंगे रामकथा
रामायण के विभिन्न प्रसंगों को लेकर 1,100 मेड-इन-इंडिया ड्रोन आसमान में एक म्यूजिकल शो के जरिए रामकथा का जीवंत प्रदर्शन करेंगे। श्रद्धालु 3डी होलोग्राफिक म्यूजिकल लेजर शो का भी अनुभव ले सकेंगे।
बदलती अयोध्या, बढ़ती भव्यता
अब तक दीपोत्सव केवल गर्भगृह और दर्शनपथ तक सीमित था, लेकिन राम मंदिर निर्माण के पहले चरण के पूरा होने और परिसर के समुचित सौंदर्यीकरण के बाद ट्रस्ट ने इसे व्यापक और दिव्य रूप देने का निर्णय लिया है। डॉ. अनिल मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में सैकड़ों कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि हर कोना रोशनी से सजे, हर दीप में श्रद्धा की लौ हो।
