सऊदी अरब में हमले की आशंका, अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी की चेतावनी
अमेरिका के मुताबिक, क्षेत्र में मौजूदा हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं और संघर्ष अपने वर्तमान दायरे से बाहर फैल सकता है। ऐसे में सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
एयरपोर्ट और हवाई क्षेत्र पर हमले का खतरा
अमेरिकी प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में सऊदी अरब के एयरपोर्ट और हवाई क्षेत्र को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। चेतावनी के मुताबिक, संभावित हमलों के कारण हवाई क्षेत्र बंद किया जा सकता है। इसके चलते उड़ानें रद्द होने या उनके संचालन में बदलाव की आशंका है। यात्रियों को भी अचानक यात्रा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
अमेरिकी प्रशासन ने कहा है कि यदि उसके नागरिक सऊदी अरब के एयरपोर्ट का इस्तेमाल करने का फैसला करते हैं, तो उन्हें बेहद सावधानी बरतनी चाहिए।
एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट का स्टेटस जांचें
अमेरिका ने यात्रियों को सलाह दी है कि एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले संबंधित एयरलाइन और एयरपोर्ट से अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी जरूर लें। सुरक्षा हालात के कारण उड़ानों के समय और संचालन में अचानक बदलाव हो सकता है।
अमेरिका की यह चेतावनी सऊदी अरब में संभावित सुरक्षा खतरे और उसके हवाई यातायात पर पड़ने वाले असर को लेकर जारी की गई है।
