October 25, 2026

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में फिर होगी Ind vs Pak की भिड़ंत… टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी

0
000-1792904286

नई दिल्ली।
मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 (Men’s Asia Cup Rising Stars 2026) में भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच रोमांचक भिडंत देखने को मिलेगी. एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने दोहा में होने वाले टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी कर दिया है. इंडिया-ए और पाकिस्तान-ए को एक ही ग्रुप में रखा गया है।

इंडिया-ए अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगा. इसके बाद 22 नवंबर को वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंडिया-ए की भिड़ंत पाकिस्तान-ए से होगी. जबकि इंडिया-ए ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 24 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ खेलेगा।

टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप ए में श्रीलंका-ए, बांग्लादेश-ए, अफगानिस्तान-ए और हॉन्ग कॉन्ग शामिल हैं. वहीं, ग्रुप बी में इंडिया-ए, पाकिस्तान-ए, नेपाल और यूएई को जगह मिली है. हर टीम अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों से एक-एक मैच खेलेगी. दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. सेमीफाइनल 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 29 नवंबर को होगा।

टूर्नामेंट के अधिकतर मैच वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे. फाइनल भी इसी मैदान पर आयोजित होगा. वहीं, कुछ मुकाबले यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (UDST) क्रिकेट ग्राउंड पर होंगे. टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 19 नवंबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा।


पिछले सीजन वैभव भी खेले थे

2025 के एशिया कप राइजिंग स्टार्स में इंडिया-ए की कप्तानी जितेश शर्मा ने की थी. तब वैभव सूर्यवंशी भी टीम का हिस्सा थे. इंडिया-ए ने यूएई को 148 रनों से हराकर शानदार शुरुआत की, लेकिन अगले मैच में पाकिस्तान-ए के खिलाफ आठ विकेट से हार गया. इसके बाद इंडिया-ए ने ओमान को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. वहां बांग्लादेश-ए के खिलाफ मुकाबला टाई रहा और नतीजा सुपर ओवर से निकला, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा।

उधर पाकिस्तान-ए ने सेमीफाइनल में श्रीलंका-ए को 5 रनों से हराया था. फिर पाकिस्तान-ए ने फाइनल में सुपर ओवर के जरिए बांग्लादेश-ए को हराकर खिताब अपने नाम किया था. अब 2026 के संस्करण में इंडिया-ए के पास पिछले टूर्नामेंट की निराशा पीछे छोड़ने और पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में दम दिखाने का मौका होगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *