10 लाख के लेनदेन से लेकर पारिवारिक विवाद तक, भोपाल में कारोबारी की आत्महत्या से हड़कंप, सुसाइड नोट खंगाल रही पुलिस
मृतक के बेटे दीप शर्मा के मुताबिक उनके पिता के अमर अदानी नाम के व्यक्ति से दोस्ताना संबंध थे। बेटे का दावा है कि काम छूटने के बाद पिता ने अमर को करीब एक लाख रुपए दिए थे। इसके बाद उन्हें सैम ग्लोबल यूनिवर्सिटी की राइस एंड रोड स्थित कैंटीन का काम दिलाने की बात कही गई। आरोप है कि कैंटीन में मौजूद सामान सहित पूरा काम करीब 10 लाख रुपए में देने की बात हुई थी। परिवार के अनुसार भूपेंद्र को पहले कुछ समय कैंटीन चलाने और बाद में एग्रीमेंट करने की बात कही गई थी लेकिन बाद में इसी एग्रीमेंट और पैसों को लेकर विवाद बढ़ गया।
दीप के अनुसार जब भूपेंद्र ने अपने पैसे वापस करने और कैंटीन के काम को लेकर बातचीत की तो कथित तौर पर उनसे पैसे लौटाने के बजाय दो लाख रुपए और देने की मांग की गई। बेटे का दावा है कि कैंटीन में दूसरे पक्ष का सामान भी मौजूद था और इसको लेकर उनके पिता के मोबाइल पर संदेश आते थे। परिवार का कहना है कि लगातार चल रहे पैसों के विवाद के कारण भूपेंद्र मानसिक रूप से परेशान थे।
परिजनों द्वारा पुलिस को सौंपे गए बताए जा रहे सुसाइड नोट में भी पैसों के लेनदेन और कैंटीन के काम का उल्लेख होने की बात कही गई है। नोट में अमर अदानी पर पैसे वापस मांगने पर कथित तौर पर टालने और धमकाने के आरोप लगाए गए हैं। इसके साथ ही भूपेंद्र ने अपने ससुर शिवनारायण शर्मा पर भी परिवार को परेशान करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने परिवार के लिए न्याय की मांग किए जाने की बात भी लिखी है।
सुसाइड नोट में भूपेंद्र ने पत्नी और दोनों बच्चों को लेकर भावुक संदेश भी लिखा है। उन्होंने पत्नी से माफी मांगते हुए बच्चों का ध्यान रखने की बात कही। साथ ही उन्होंने लिखा कि उन्होंने किसी का बुरा नहीं किया फिर भी वह और उनका परिवार लगातार परेशान रहा।
हालांकि पुलिस ने अभी सुसाइड नोट की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। गांधीनगर थाने के एएसआई जेएस पाटिल के मुताबिक भूपेंद्र ने घर में फांसी लगाई थी। पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और एफएसएल टीम ने कमरे का निरीक्षण किया है। पुलिस के अनुसार मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दूसरी ओर परिवार का कहना है कि उनके पास मौजूद नोट पुलिस को सौंप दिया गया है। ऐसे में अब पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
