उत्तराखंड में रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ा तोहफा
-
2 दिन बसों में कर सकेंगी फ्री सफर
रक्षाबंधन के पावन त्योहार पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। इस अवसर पर 28 एवं 29 अगस्त को राज्य की महिलाएं प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में शत-प्रतिशत किराया छूट के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। उत्तराखंड शासन द्वारा इस संबंध में बुधवार को आदेश जारी कर परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश के अनुसार, रक्षाबंधन के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा। उल्लेखनीय है कि रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके एवं परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। राज्य सरकार की इस पहल से उन्हें सुरक्षित, सुगम एवं निशुल्क सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं के आवागमन को आसान बनाना तथा उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करना है।
रक्षाबंधन पर बहनों को मिलेगी दो दिन की निःशुल्क यात्रा ! pic.twitter.com/9m6vp5t77L
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 21, 2026
इस संबंध में अपर सचिव परिवहन रीना जोशी ने शासनादेश में स्पष्ट किया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान किए जाने के फलस्वरूप उत्तराखंड परिवहन निगम को होने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
