August 4, 2026

UP: भाजपा में टिकट की राह में तीन बड़ी कसौटियां, संघ-संगठन और सर्वे में पास होने पर ही मिलेगी दावेदारी

0
d44fbe4a-4b31-49f4-a4ee-89a7c89f195a-1785837285
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा में टिकट की दौड़ तेज हो गई है। पार्टी से टिकट चाहने वाले नेताओं को इस बार तीन अहम कसौटियों एजेंसी सर्वे, संगठन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के आकलन से गुजरना होगा। इन तीनों स्तरों पर सकारात्मक रिपोर्ट मिलने के बाद ही किसी दावेदार की उम्मीद मजबूत मानी जाएगी। फिलहाल एजेंसियों के तीन सर्वे पूरे हो चुके हैं, जबकि दो चरण अभी बाकी हैं।

तीसरे सर्वे के बाद बढ़े नए दावेदार
मुरादाबाद जिले की छह विधानसभा सीटों पर तीसरे सर्वे के बाद नए दावेदारों की संख्या बढ़ गई है। बिलारी, ठाकुरद्वारा और कांठ से दो-दो, देहात सीट से चार नए नाम सामने आए हैं, जबकि नगर सीट पर भी दावेदारों की कतार लंबी हुई है। आने वाले समय में और नाम जुड़ने की संभावना जताई जा रही है।

टिकट तय करने की तीन-स्तरीय प्रक्रिया
भाजपा में उम्मीदवार चयन तीन अलग-अलग स्तरों पर होता है।
संगठन स्तर: जिला इकाई से आवेदन लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष के माध्यम से प्रमुख नाम प्रदेश संगठन मंत्री तक भेजे जाते हैं।
आरएसएस स्तर: संघ अपने स्तर पर गोपनीय सर्वे कराता है। विभाग प्रचारक, क्षेत्र प्रचारक और प्रांत प्रचारक की रिपोर्ट के आधार पर नाम आगे बढ़ते हैं।
एजेंसी सर्वे: स्वतंत्र एजेंसियां कई चरणों में जनता की राय और संभावित उम्मीदवारों की स्वीकार्यता का आकलन कर रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपती हैं। इन तीनों रिपोर्टों के मिलान के बाद भाजपा का केंद्रीय संसदीय बोर्ड अंतिम फैसला करता है।

तीसरे सर्वे में इन नामों की रही चर्चा
तीसरे सर्वे में नगर सीट से विधायक रितेश गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता और महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला के नाम प्रमुख रहे। देहात सीट पर डॉ. केके मिश्रा, श्याम बिहारी शर्मा और रजनीकांत जाटव चर्चा में रहे। कांठ, ठाकुरद्वारा, बिलारी और कुंदरकी सीटों पर भी कई मौजूदा नेताओं और नए दावेदारों के नाम सर्वे में शामिल रहे।

पार्टी ने आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं की
भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने कहा कि एजेंसियां समय-समय पर सर्वे करती रहती हैं और आवश्यकता पड़ने पर पदाधिकारियों से भी जानकारी लेती हैं। फिलहाल विधानसभा टिकट के लिए जिला स्तर पर आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं। वहीं महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने बताया कि नगर और देहात सीटों के आवेदन क्षेत्रीय नेतृत्व के माध्यम से प्रदेश संगठन को भेजे जाते हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *