July 23, 2026

युवा संवाद कार्यक्रम में छात्रों से मारपीट पर महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा की तीखी प्रतिक्रिया

0
शिल्पी अरोरा
  • निष्पक्ष जांच की मांग

गदरपुर। भाजपा युवा मोर्चा के “युवा संवाद” कार्यक्रम के दौरान दो छात्रों के साथ कथित मारपीट के मामले में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

शिल्पी अरोरा ने जारी बयान में कहा कि 22 जुलाई को गदरपुर स्थित शहनाई वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में वंश शर्मा और नीरज गौतम संविधान की प्रति लेकर सवाल पूछने पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान भाजपा विधायक अरविंद पांडेय की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों छात्रों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। यदि युवाओं को संविधान हाथ में लेकर अपनी बात रखने से रोका जाएगा तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने घटना को संविधान और लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं।

राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने पीड़ित छात्रों वंश शर्मा और नीरज गौतम की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार की घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *