July 23, 2026

UTU Paper Leak: प्रोफेसर पर व्हाट्सएप और पोर्टल पर प्रश्नपत्र साझा करने का आरोप

0
Paper Leak
  • विवि ने दो परीक्षाएं रद्द कीं

भाजपा सरकार के दौरान लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध व दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन के बीच देहरादून में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की परीक्षा का पेपर लीक हो गया है। जिसके बाद विश्वविद्यालय ने दो विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। जिस कारण विवि से संबद्ध 12 इंजीनियरिंग संस्थानों के हजारों विद्यार्थियों को दिक्कतें झेलनी पड़ेंगी। विश्वविद्यालय ने आरोपी सहायक प्रोफेसर पर सात वर्षों तक सभी परीक्षा संबंधी कार्यों में भाग लेने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. वीके पटेल के अनुसार, मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स और इलेक्ट्रो मैग्नेटिक फील्ड थ्योरी विषय की सेमेस्टर परीक्षा जल्द होनी थी, इनका प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही लीक होने की शिकायत मिली थी। कुलपति के निर्देश पर गठित जांच समिति और संबंधित संस्थान की आंतरिक जांच में पाया गया कि शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर डॉ. आशीष कुमार गुप्ता ने प्रश्नपत्र छात्रों के व्हाट्सएप समूह और ऑनलाइन पोर्टल पर साझा किए।

इसके बाद विश्वविद्यालय ने दोनों परीक्षाएं तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दीं। अब ये अगस्त के तीसरे सप्ताह में होंगी। नई परीक्षा तिथि और केंद्रों की सूची विवि की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। साथ ही, विवि ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग को परीक्षा की गोपनीयता और निगरानी में लापरवाही बरतने पर कड़ी चेतावनी दी है।

इन कॉलेजों में परीक्षा रद्द
– बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज, भीमताल
– तुलाज इंस्टीट्यूट, देहरादून
– बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान, द्वाराहाट
– रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रुड़की
– शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून
– जयराम भाई पटेल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
– माया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
– बाबा फरीद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
– टीएचडीसी इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोपावर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, टिहरी
– नन्हीं परी सीमांत इंजीनियरिंग संस्थान, पिथौरागढ़
– वूमेंस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
– इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गोपेश्वर

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *