Uttarakhand Weather: भारी बारिश के बाद यमुनोत्री हाईवे बंद, बार-बार प्रभावित हो रही आवाजाही
-
स्याना चट्टी के पास हुआ भूस्खलन
उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच स्याना चट्टी के पास भूस्खलन होने से यमुनोत्री हाईवे पर आवाजाही प्रभावित हो गई है। यमुनोत्री हाईवे चौड़ीकरण कार्य जारी है ऐसे में आए दिन घंटों तक स्याना चट्टी के पास भूस्खलन से आवाजाही बंद होने के चलते श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यमुनोत्री हाईवे मंगलवार सुबह से ही बंद है।
स्याना चट्टी से जानकीचट्टी के बीच कई जगह मलबा और पत्थर आने से आवाजाही बेहद जोखिम भरी हो गई है। प्रदेशभर में आज मौसम विभाग की ओर से तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं मंगलवार को देहरादून समेत पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त पर्वतीय जिलों के कुछ अन्य क्षेत्रों में बिजली चमकने और तेज दौर की बारिश होने की भी संभावना है।
मानसून को लेकर हरिद्वार प्रशासन अलर्ट, सतर्क रहने के सभी विभागों को निर्देश
हरिद्वार जिला प्रशासन की ओर से मानसून को देखते हुए सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जिलाधिकारी मयूरदीक्षित के अनुसार कि ऊपरी क्षेत्रों में भारी बारिश होने पर गंगा का जलस्तर बढ़ने की संभावना के चलते उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश प्रशासन आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं। लक्सर और खानपुर क्षेत्रों में सैंडबैग और नौकाओं की व्यवस्था भी की गई है। लोकल लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जलस्तर के बढ़ते ही तत्काल कार्रवाई की जाती है। वहीं, पानी निकासी के लिए जलभराव वाले क्षेत्रों में सक्शन लाइन और पाइप भी तैनात किए गए हैं।
