June 8, 2026

Uttarakhand khabar: तैयारी पूरी, प्रदेश में आज से SIR की शुरुआत

0
SIR-UK
  • बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म बांटेंगे

देवभूमि उत्तराखंड में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्यक्रम आज सोमवार से शुरू हो जाएगा। निर्वाचन आयोग ने इसे लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बीएलओ अब घर-घर जाकर गणना फार्म मतदाताओं को बांटेंगे। बीएलओ से संपर्क करने के लिए मतदाता बुक ए कॉल का लाभ भी ले सकते हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से बूथ लेवल एजेंट्स को सहयोग करने की अपील की है। प्रदेश के सभी 11733 बीएलओ के पास गणना फार्म पहुंचा दिए गए हैं। अभियान के तहत सभी मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। सात जुलाई तक एक माह के समय में बीएलओ की ओर से मतदाताओं के गणना फार्मों को बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटिलाइज किया जाएगा।

एसआईआर, डेटा मिलान नहीं तो नोटिस आएगा, देने होंगे अपने और माता-पिता के दस्तावेज
राज्य में चुनाव आयोग की ओर से एसआईआर आठ जून से शुरू हो रहा है। गणना प्रपत्र बीएलओ घर-घर लेकर पहुंचेंगे। दिशा-निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं। इसके तहत, वे मतदाता जिनका विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है या 2003 की मतदाता सूची के डेटाबेस से जिनका विवरण मिलान नहीं खा रहा है, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। ऐसे मतदाताओं को नोटिस मिलने पर अपनी नागरिकता और जन्म से जुड़े वैध दस्तावेज जमा करने होंगे।

दस्तावेज: जन्म के हिसाब से तीन श्रेणियों में मांगे गए
मतदाताओं को नोटिस मिलने के बाद अपनी जन्मतिथि और जन्म स्थान साबित करने के लिए तीन अलग-अलग समय श्रेणियों के आधार पर दस्तावेज देने होंगे। एक जुलाई 1987 से पहले भारत में जन्मे मतदाताओं को स्वयं की जन्मतिथि और जन्म स्थान साबित करने वाला कोई एक वैध दस्तावेज देना होगा। एक जुलाई 1987 और दो दिसंबर 2004 के बीच भारत में जन्मे मतदाताओं को स्वयं के लिए और साथ ही माता या पिता का जन्म स्थान, जन्मतिथि साबित करने वाला दस्तावेज देना होगा। दो दिसंबर 2004 के बाद भारत में जन्मे मतदाताओं को स्वयं का, माता और पिता का जन्म स्थान व तिथि साबित करने वाले अलग-अलग दस्तावेज देना होगा। यदि माता-पिता में से कोई भारतीय नहीं है तो अपने जन्म के समय उनके वैध पासपोर्ट और वीजा की एक प्रति देनी होगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *