उत्तराखंड बजट सत्र: गैरसैंण पहुंची सरकार, कल से बजट सत्र
-
पक्ष-विपक्ष के 600 से ज्यादा सवालों से गरमाएगा सदन

बजट सत्र के लिए प्रदेश सरकार आज ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण पहुंच गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण समेत सभी मंत्री, विधायक, अधिकारी दोपहर बाद भराड़ीसैंण पहुंचे।
विधानसभा भवन में सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार पक्ष-विपक्ष विधायकों के 600 प्रश्न सदन में गरमाएंगे। इसके अलावा सरकार की ओर से कई विधेयक, अध्यादेश, विभागों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट सदन पटल पर रखा जाएगा। विधानसभा परिसर व आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए।

Uttarakhand Budget: पुख्ता हुई सुरक्षा व्यवस्था, अधिकारियों ने ली ब्रीफिंग
सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा बजट सत्र के लिए पुलिस प्रशासन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने ड्यूटी में नियुक्त समस्त अधिकारी व कर्मचारियों को ब्रीफ किया।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया गया कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतते हुए किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और महानुभावों की सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
09 मार्च 2026 को भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में राज्यपाल के अभिभाषण से बजट सत्र की शुरूआत होगी। आज भराड़ीसैंण में ही कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सदन संचालन के लिए एजेंडा तय किया जाएगा। प्रदेश सरकार 10 मार्च को बजट पेश कर सकती है।
