Crime in Uttarakhand: हल्द्वानी में बर्खास्त टीचर के पास से मिले दो तमंचे
– सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से पहले कार्रवाई, पुलिस को देख की सुसाइड की कोशिश

बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में 24 फरवरी को प्रस्तावित सुनवाई से पहले हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना पुलिस को चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गौजाजाली उत्तर स्थित आयशा मस्जिद के पास एक बर्खास्त टीचर के घर से दो अवैध तमंचे और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। तलाशी के दौरान प्रतिबंधित एके-47 का कारतूस मिलने से क्षेत्र मे हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबिन खान के पास से 315 बोर का तमंचा (दो कारतूस), 12 बोर का तमंचा (चार कारतूस), 7.62 एमएम का एक कारतूस (AK-47 में प्रयुक्त) और 7.65 एमएम के 10 कारतूस बरामद हुए। तलाशी में हथियार अलमारी के ऊपर छिपाकर रखे गए थे।
आत्महत्या करने की भी कोशिश
परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि आरोपी लंबे समय से हथियार दिखाकर उन्हें धमकाता था। पुलिस ने आरोपी को धारा 3/25 आर्म्स एक्ट और 7/25(1क) आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मानसिक स्थिति संदिग्ध प्रतीत हो रही है। छापेमारी के दौरान उसने आत्महत्या जैसी हरकत करने की भी कोशिश की। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि प्रतिबंधित कारतूस कहां से आया और उसका उद्देश्य क्या था।
बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में 24 फरवरी को प्रस्तावित सुनवाई से पहले इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति के घर पर छापा मारा।
– दिनेश फर्त्याल, थाना प्रभारी
