March 8, 2026

नए साल 2026 से पहले ग्वालियर अलर्ट मोड पर: 2 हजार पुलिसकर्मी, 40 चेकिंग पॉइंट्स, ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती

0
gwoliar-1767167922

ग्वालियर। नए साल 2026 के स्वागत को लेकर ग्वालियर शहर में जश्न की तैयारियों के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कसी गई है। पुलिस प्रशासन ने 31 दिसंबर और 1 जनवरी को शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्लान लागू किया है। इस दौरान शहर भर में 2 हजार से अधिक पुलिस जवान और अधिकारी तैनात रहेंगे। प्रमुख सड़कों तिराहों और चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, ताकि नए साल का जश्न सुरक्षित और अनुशासित माहौल में मनाया जा सके।पुलिस ने शहर में कुल 40 चेकिंग पॉइंट बनाए हैं। इनमें से 35 स्थान विशेष रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों पर नजर रखने के लिए चुने गए हैं। इन पॉइंट्स पर पुलिसकर्मी ब्रीथ एनालाइजर के साथ तैनात रहेंगे और वाहन चालकों की जांच करेंगे। शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 10 हजार रुपये तक का जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निगरानी की शुरुआत 30 दिसंबर से हो चुकी है। पुलिस ने ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाना, स्टंटबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करने वालों पर विशेष नजर रखी है। अधिकारियों का कहना है कि 31 दिसंबर की रात और 1 जनवरी को भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को अतिरिक्त रूप से मजबूत किया गया है।एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने होटल, रेस्टोरेंट, बार और रिसॉर्ट संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट किया है कि नए साल के कार्यक्रम पूरी तरह नियमों के अनुसार ही आयोजित किए जाएं। डीजे और साउंड सिस्टम की आवाज तय मानकों के भीतर रखनी होगी, ताकि आसपास के इलाकों में शांति भंग न हो। किसी भी तरह की अव्यवस्था या नियम उल्लंघन पाए जाने पर आयोजकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नए साल के नाम पर हुड़दंग मारपीट या कानून तोड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा और उनकी नई साल की रात हवालात में भी गुजर सकती है। आपात स्थितियों से निपटने के लिए डायल-112 की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सख्ती लोगों के उत्सव में बाधा डालने के लिए नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए है। प्रशासन चाहता है कि शहरवासी नए साल का स्वागत शांति जिम्मेदारी और उत्साह के साथ करें।

सुरक्षा की इस तैयारियों में पैदल और वाहन निगरानी, चेकिंग पॉइंट्स पर ब्रीथ एनालाइजर कंट्रोल रूम से निगरानी और आपातकालीन टीमों की तैनाती शामिल है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।इस व्यापक योजना से ग्वालियर पुलिस का उद्देश्य है कि शहरवासी अपने परिवार और दोस्तों के साथ सुरक्षित तरीके से नए साल का जश्न मनाएं और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *