Criminal in delhi: अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला
-
कई पुलिसवाले AIIMS में भर्ती

देश की राजधानी दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में पुलिस टीम पर जानलेवा हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह हमला तब हुआ जब दिल्ली पुलिस की एक टीम गैर जमानती वारंट के आरोपी आजम को गिरफ्तार करने चंदन होला गांव पहुंची थी। आरोपी और उसके रिश्तेदारों ने पुलिस पर हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस पर बेरहमी से हमला
पुलिस के अनुसार, कोर्ट से जारी गैर जमानती वारंट के आधार पर फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र की टीम आरोपी आजम को पकड़ने पहुंची थी। जैसे ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की, आजम और उसके रिश्तेदारों ने मिलकर पुलिस पर डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ाकर पीटा, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पुलिस पर हमला करते और भागने की कोशिश करते दिख रहे हैं। वीडियो में कुछ महिलाएं भी पुलिस को रोकती नजर आ रही हैं।
पुलिस की कार्रवाई शुरू
घायल पुलिसकर्मियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी आजम और अन्य हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है और सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।
पहले भी हो चुके हैं हमले
आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली में पुलिस पर हमला हुआ है। इससे पहले 19 अगस्त को मधुबन चौक पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर स्कूटी सवार दो लोगों ने हमला किया था, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे। उस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे हमलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
