सिंदूरी जीत: भारत के सामने पाकिस्तान ने फिर टेके घुटने

दुबई. कुछ माह पहले भारतीय सेना की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की सेना घुटनों पर आ गई थी। ऐसा ही कुछ रविवार को दुबई के क्रिकेट स्टेडियम में हुआ, एशिया कप टी-20 मैच में भारतीय टीम के आगे पाकिस्तान की टीम ने सरेंडर कर दिया। टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी फिर धमाकेदार बल्लेबाजी से पाकिस्तान की टीम को सात विकेट से हरा दिया। पाक ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 127 रन बनाए। टीम इंडिया ने 25 गेंद पहले ही 3 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
हार के बाद नजरें झुका मैदान छोड़ा
ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला मुकाबला था। ऐसे में तनाव चरम पर था। इसका असर मैदान पर भी दिखा। आमतौर पर दोनों टीमें टॉस और मैच के बाद हाथ मिलाती हैं, लेकिन यहां ऐसा कुछ नहीं हुआ। खिलाड़ियों ने न तो एक—दूसरे से हाथ मिलाए और न ही बातचीत की। हार के बाद पाक खिलाड़ियों ने नजरें झुकाकर मैदान छोड़ दिया।
पहलगाम के पीड़ितों को जीत समर्पित
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने जन्मदिन का जश्न चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर जीत के साथ मनाया। उन्होंने जीत और पुरस्कार राशि को पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों को समर्पित किया।
छक्का लगाकर जीत
कप्तान यादव ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 5 चौके व एक छक्के के साथ 47 रन की पारी खेली। कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
