November 2, 2026

PM मोदी और उनकी मां के AI वीडियो पर दिल्ली पुलिस सख्त, बिहार कांग्रेस को नोटिस जारी

0
photo-2-1-1793592691

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां से जुड़े AI वीडियो के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने इस मामले में बिहार कांग्रेस को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि विवादित वीडियो कांग्रेस के बिहार स्थित आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @INCBihar से पोस्ट किया गया था।

जांच के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम पटना पहुंची। टीम ने बिहार कांग्रेस मुख्यालय ‘सदाकत आश्रम’ के बाहर नोटिस चस्पा किया है। पुलिस इस मामले से जुड़े एक मोबाइल नंबर की भी जांच कर रही है, जिसके बिहार कांग्रेस से संबंधित होने की बात सामने आई है।

अमित कुमार मंडल को 5 नवंबर को दिल्ली बुलाया

दिल्ली पुलिस की ओर से जारी नोटिस में अमित कुमार मंडल को विशेष रूप से तलब किया गया है। उन्हें जांच में शामिल होने के लिए 5 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे नई दिल्ली के भरत नगर, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल के कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।

सिम कार्ड और मोबाइल फोन भी लाने के निर्देश

नोटिस के मुताबिक, अमित कुमार मंडल को पूछताछ के दौरान कुछ दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ लाने होंगे। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर का सिम कार्ड और 1 जुलाई 2025 से अब तक इस्तेमाल किए गए उन सभी मोबाइल हैंडसेट को पेश करने के लिए कहा है, जिनमें इस नंबर का उपयोग किया गया हो।

इसके अलावा पुलिस ने @INCBihar एक्स हैंडल का आधिकारिक रूप से इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति का नाम भी मांगा है। साथ ही 1 जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच इस एक्स अकाउंट के संचालन के लिए अधिकृत लोगों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *