October 21, 2026

MP Weather: दशहरे पर भी बरसे बादल, आज 21 जिलों में बारिश का अलर्ट; 40 Km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

0
photo-1-1792552961

भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर थम नहीं रहा है। दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने से प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में पिछले पांच दिन से आंधी-बारिश हो रही है। मंगलवार को दशहरे के दिन भी कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे कुछ जगह रावण के पुतले भीग गए। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन तक प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में इसी तरह मौसम बने रहने का अनुमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को प्रदेश के 21 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की भी संभावना है।

इन 21 जिलों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को इंदौर, उज्जैन, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, धार, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश हो सकती है।

2022 के बाद इस बार दशहरे पर हुई बारिश
मंगलवार को दशहरे के दिन रतलाम, महू समेत कई जगह बारिश हुई। बारिश के कारण कुछ स्थानों पर रावण के पुतले भीग गए। ऐसे में आयोजकों को पुतलों को बरसाती से ढंकना पड़ा। इससे पहले वर्ष 2022 में भी दशहरे के दिन तेज बारिश हुई थी। भोपाल में बारिश से रावण का पुतला भीगने के कारण दहन नहीं हो पाया था। बाद में पुतले पर केरोसिन और पेट्रोल डालकर उसे जलाने का प्रयास किया गया था। प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश के चलते रावण दहन प्रभावित हुआ था।

कई शहरों में रात का पारा 20 डिग्री से नीचे
मौसम विभाग के अनुसार, बीती रात प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पचमढ़ी में रात का तापमान 17 डिग्री, कटनी के करौंदी में 17.8 डिग्री, बालाघाट के मलाजखंड में 18.1 डिग्री, छिंदवाड़ा में 18.2 डिग्री और ग्वालियर में 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, दिन के तापमान की बात करें तो रतलाम, खरगोन, खंडवा, मंदसौर, उज्जैन और नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार रिकॉर्ड किया गया।

3 अक्टूबर को विदा हो चुका है मानसून, फिर भी बारिश
मध्यप्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून 3 अक्टूबर को ही विदा हो गया था। इस बार एक ही दिन में पूरे प्रदेश से मानसून की वापसी हो गई, लेकिन मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से बारिश जारी है। पिछले एक सप्ताह से पूर्वी और पश्चिमी मध्यप्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिला है। इनमें से कई जिलों में पिछले पांच दिन से तेज बारिश हो रही है। बुधवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

अक्टूबर में बारिश, गर्मी और ठंड का मिला-जुला असर
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो अक्टूबर में बारिश, गर्मी और ठंड तीनों का मिला-जुला असर देखने को मिलता है। इस बार भी ऐसा ही मौसम बना हुआ है। अक्टूबर की शुरुआत में मौसम साफ होने के साथ धूप खिली, जबकि रात के तापमान में गिरावट से ठंडक महसूस होने लगी। दूसरी ओर, प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर भी जारी है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *