होटल में बुलाकर कपड़े उतरवाए फिर वीडियो वायरल करने की धमकी, ग्वालियर में डेटिंग ऐप के जरिए ठगी का खुलासा
ग्वालियर । ग्वालियर में डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती कर एक युवक को होटल में बुलाने और फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने युवक को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद नकदी और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए उससे करीब 1.38 लाख रुपए वसूल लिए गए। आरोपी यहीं नहीं रुके और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 70 हजार रुपए और मांगने लगे। शिकायत के बाद ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने मुरैना से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार माधौगंज की लड्डूवाली गली में रहने वाले 28 वर्षीय युवक ने बताया कि वह ग्राइंडर डेटिंग ऐप का इस्तेमाल करता है। 8 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे उसकी हरियाणा नाम की प्रोफाइल से बातचीत शुरू हुई। बातचीत के दौरान सामने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राहुल बताया और युवक को सिटी सेंटर के पटेल नगर स्थित होटल गोल्डन लीफ में मिलने के लिए बुलाया। युवक शाम करीब चार बजे होटल पहुंचा तो उसे कमरा नंबर 206 में ले जाया गया। वहां पहले से रची गई साजिश के तहत उसके साथ मारपीट की गई। कुछ ही देर में चार अन्य युवक भी कमरे में पहुंच गए। उन्होंने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए युवक को जेल भेजने की धमकी दी।
आरोप है कि पांचों युवकों ने पीड़ित को बंधक बना लिया और बेल्ट से उसकी पिटाई की। इस दौरान उसके गाल और दाहिने पैर में चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर मोबाइल से अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पांच लाख रुपए मांगे गए। अचानक सामने आई इस स्थिति से घबराए युवक ने आरोपियों को अपनी जेब में रखे आठ हजार रुपए दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने उसका एटीएम कार्ड और पासवर्ड अपने कब्जे में लेकर खाते से 30 हजार रुपए निकाल लिए। एक क्यूआर कोड के जरिए भी 30 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए।
पीड़ित के मुताबिक इसके बाद आरोपी उसे सफेद क्रेटा कार में बैठाकर सिरोल की ओर ले गए। वहां युवक ने अपनी एक दोस्त से संपर्क किया और उसकी मदद से रकम ट्रांसफर कराई। आरोपियों ने संबंधित घर पहुंचकर 70 हजार रुपए नकद भी लिए। रात करीब साढ़े नौ बजे युवक को होटल के बाहर छोड़ दिया गया। हालांकि इसके बाद भी उसे राहत नहीं मिली। आरोपी लगातार संपर्क कर 70 हजार रुपए और मांगने लगे। रकम नहीं देने पर अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों के कारण परेशान युवक ने आखिरकार क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम गठित की गई। डीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार और डीएसपी मनीष यादव के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार रात मुरैना के अंबाह बायपास रोड से दो आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिभान उर्फ करुआ गुर्जर निवासी ग्राम पिपरई और सोनू गुर्जर निवासी ग्राम पिपरई के रूप में हुई है। दोनों गांव पिपरई क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि हरिभान ने ही राहुल नाम से फर्जी पहचान बनाकर युवक से संपर्क किया था।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि डेटिंग ऐप के जरिए युवक को होटल बुलाने और अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर रकम वसूलने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। यह मामला ऑनलाइन दोस्ती के दौरान पहचान की पुष्टि करने और निजी जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने की जरूरत को सामने लाता है। किसी भी तरह की ब्लैकमेलिंग या धमकी मिलने पर पीड़ित को डरकर चुप रहने के बजाय पुलिस से संपर्क करना चाहिए।
