उत्तराखंड समाचार: पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार, अलर्ट रहें
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। जहां एक ओर पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है तो वहीं मौसम शुष्क बना हुआ है। देहरादून मौसम विभाग के मुताबिक आज मौसम फिर करवट बदल सकता है। राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। विशेष रूप से 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने का अंदेशा जताया गया है। जिस कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है, जिसे देखते मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय जनपदों के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य के 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही इन पर्वतीय इलाकों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।
दूसरी ओर, राज्य के मैदानी जिलों, विशेषकर हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से काफी कम तक बना रहा, जिससे पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ गई है।
देवभूमि में कहीं-कहीं दोपहर बाद या शाम के समय गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं, जिससे कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। राजधानी देहरादून और आसपास के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 30.0°C और न्यूनतम तापमान 20.0°C के आसपास रहने की उम्मीद है। वहीं मौसम विभाग ने आज कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। लेकिन, बीते दिनों प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिली, जिससे निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहा तो पर्वतीय जिलों में कड़ाके की ठंड से लोगों को दो चार होना पड़ेगा।
