Uttarkashi Rescue Operation: कालिंदी ट्रेक पर फंसे 29 पर्वतारोहियों को हेलिकॉप्टर से सुरक्षित निकाला
-
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
उत्तरकाशी के कालिंदी ट्रेक स्थित ओडिन कॉल क्षेत्र में फंसे 29 ट्रेकर्स का रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। सभी ट्रेकर्स को हेलिकॉप्टर के जरिए सुरक्षित निकालकर हर्षिल पहुंचाया गया। शासन से समन्वय के बाद सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में अभियान चलाया गया। एसडीआरएफ कंट्रोल रूम के जरिए अभियान की लगातार निगरानी की गई और रेस्क्यू टीमों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
मौसम खराब होने के कारण उत्तरकाशी जिले में विभिन्न स्थानों पर फंसे 136 पर्वतारोही को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान आज सोमवार को भी तेजी से जारी है। सुबह छह बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था। अब तक 29 पर्वतारोही सुरक्षित निकाल लिए गए हैं। मौसम खुलने से रेस्क्यू अभियान में तेजी आई है। अभियान में एसडीआरएफ, जिला पुलिस, भारतीय सेना, स्थानीय प्रशासन और यूसीएडीए की टीमें संयुक्त रूप से शामिल रहीं।
रेस्क्यू के बाद सभी 29 ट्रेकर्स को आर्मी बेस हर्षिल स्थित चिकित्सालय लाया गया। यहां चिकित्सकीय टीम ने सभी ट्रेकर्स की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य भी रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा करने व धरातल पर स्थिति का जायज़ा लेने के लिए हर्षिल पहुंचे। एसडीएम शालिनी नेगी ने बताया की पर्वतारोहियों को सुरक्षित रेसक्यू कर हर्षिल हेलीपैड पहुंचा दिया गया है।
CM धामी ने उत्तरकाशी में राहत-बचाव अभियान का लिया जायजा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली से आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में गए ट्रैकर्स और पोर्टर की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी पर्यटकों को चिकित्सीय सहायता, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाला हर तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है और उसकी सहायता करना सरकार का दायित्व है। मुख्यमंत्री ने बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेकर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता देने के निर्देश भी दिए। साथ ही बंद सड़कों को खोलने और बारिश से खराब हुई सड़कों की मरम्मत युद्धस्तर पर कराने को कहा।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की बैठक
रविवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने देर शाम राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर विभिन्न स्थानों पर फंसे पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए संचालित किए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान संचालित किया जाए। बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तरकाशी जिले में 10 ट्रेकिंग दलों के 136 पर्वतारोही फंसे हैं। इनमें से कुछ पर्वतारोही सुरक्षित निकाले जा चुके हैं।
सभी ट्रेकर्स की सुरक्षित वापसी के लिए संबंधित जिलों में रेस्क्यू प्लान तैयार किया गया। उधर, डीएम उत्तरकाशी प्रशांत आर्य ने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं, सैटेलाइट के माध्यम से लगातार संपर्क जारी है। जबकि, उत्तरकाशी के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि कालिंदी ट्रैक पास सहित उडन कॉल पास, माउंट सुदर्शन, भागीरथी टू, जोगिन वन, शिवलिंगा वन और टू सतोपंथ, श्रीकंठ चोटियों के आरोहण के लिए निकले करीब 136 पर्वतारोही अलग-अलग स्थानों पर फंसे हैं। ये अलग-अलग दलों में सितंबर में ही रवाना हुए थे।
मुख्य सचिव ने रेस्क्यू के बाद सभी पर्वतारोहियों की तत्काल मेडिकल स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एम्स ऋषिकेश तथा श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को अलर्ट मोड पर रखने को कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अस्वस्थ पर्वतारोहियों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
