September 28, 2026

राइज एंड फॉल में स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला आमने-सामने, पति को टिकट मिलने के तंज पर भड़कीं एक्ट्रेस

0
8-1790584170

नई दिल्ली । राइज एंड फॉल के दूसरे एपिसोड में स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला के बीच तनाव खुलकर सामने आया। शो की शुरुआत से ही दोनों के बीच मतभेद देखने को मिल रहे थे, लेकिन दूसरे एपिसोड में यह विवाद तीखी बहस में बदल गया। बातचीत के दौरान शहजाद ने स्वरा पर कई तंज कसे, जिसके बाद स्वरा ने भी उन्हें खुलकर जवाब दिया।

मामले की शुरुआत तब हुई जब शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने शहजाद से पूछा कि वह सोशल मीडिया पर स्वरा के बारे में काफी कुछ बोलते हैं, लेकिन यहां उनसे बातचीत नहीं कर रहे हैं। इस सवाल के बाद शहजाद ने स्वरा को लेकर एक के बाद एक टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं।

शहजाद ने कहा कि उनका स्वर दबाने वाला अभी तक कोई पैदा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वह नकारात्मकता के साथ नहीं बैठते और अगर कोई उनसे उंगली करेगा तो वह शब्दों के जरिए जवाब देंगे। उन्होंने अपने विचारों और सिद्धांतों पर कायम रहने की बात भी कही।

शहजाद की बात सुनकर वीरेंद्र सहवाग ने उन्हें फिल्मी डायलॉग बोलने वाला बताया। इस पर शहजाद ने कहा कि ये फिल्मी डायलॉग नहीं बल्कि उनके जीवन के वसूल हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने विचारों से डगमगाते नहीं हैं और किसी के दबाव में नहीं आते।

इसके बाद शहजाद ने स्वरा की हंसी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह ऐसे लोगों को नजरअंदाज करते हैं और स्वरा को नजरअंदाज किए जाने की आदत होने की बात कही। इसी दौरान उन्होंने 2019 में गणपति विसर्जन से जुड़े एक पुराने वीडियो का भी जिक्र किया।

शहजाद की टिप्पणियों पर स्वरा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नजरअंदाज करने का मतलब किसी को भाव नहीं देना होता है। स्वरा ने दावा किया कि शो के ऐलान के बाद शहजाद की ओर से उनके बारे में 36 ट्वीट और तीन-चार वीडियो किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ वोट की अपील की जा रही है और उन्हें शो में नीचे पहुंचाने के लिए पैसे जुटाए जा रहे हैं।

इसके बाद बातचीत राजनीतिक मुद्दे तक पहुंच गई। शहजाद ने कहा कि जो देश के खिलाफ बोलेगा, उसके खिलाफ वह हमेशा बोलेंगे, चाहे वह उनके पक्ष में हो या नहीं। स्वरा ने जवाब देते हुए कहा कि यह गेम है, चुनाव नहीं। उन्होंने शहजाद के राजनीतिक करियर का भी जिक्र किया।

शहजाद ने स्वरा से कहा कि उन्हें उनके करियर की चिंता करने की जरूरत नहीं है और वह अपने पति को जिताने पर ध्यान दें। इस पर स्वरा ने अपने पति का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें 32 साल की उम्र में टिकट मिल गया था। उन्होंने शहजाद पर टिकट के लिए दर-दर भटकने का तंज भी कसा।

बहस आगे बढ़ने पर स्वरा ने कहा कि वह शहजाद के बारे में बहुत कुछ जानती हैं, लेकिन यहां उन बातों का जिक्र करने से बातचीत का स्तर गिर जाएगा। उन्होंने शहजाद से उनसे बात नहीं करने को कहा।

आखिर में स्वरा ने शहजाद को मर्यादा में रहने की सलाह दी। इस दौरान वीरेंद्र सहवाग ने भी दोनों को मर्यादा बनाए रखने की बात कही। शो के दूसरे एपिसोड में हुई यह बहस निजी टिप्पणियों से लेकर राजनीतिक मुद्दों तक पहुंच गई।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *