MP में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव, आज 13 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
13 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बीच सक्रिय हुए सिस्टम के चलते शुक्रवार को टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, दमोह, उमरिया, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
इनके अलावा भिंड, दतिया, निवाड़ी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल और पांढुर्णा में भारी बारिश होने का अनुमान है।
प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी मौसम बदला रहेगा। भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
सतना में 25-26 सितंबर को स्कूल बंद
अतिवृष्टि की संभावना को देखते हुए सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने 25 और 26 सितंबर को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। यह आदेश शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय, नवोदय और आईसीएसई समेत सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। IMD के सतना पूर्वानुमान में 25, 26 और 27 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी दर्ज है।
25-26 को ज्यादा असर, 27 को भी बारिश
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ अवदाब अब महत्वपूर्ण मौसमी सिस्टम के रूप में स्ट्रॉन्ग हो गया है। इसके कारण 25 और 26 सितंबर को प्रदेश में सिस्टम का असर ज्यादा रहने की संभावना है। 27 सितंबर को भी कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद सिस्टम आगे बढ़ जाएगा।
मानसून की विदाई में अब सिर्फ 6 दिन
मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का सामान्य पीरियड 1 जून से 30 सितंबर तक रहता है। यानी मानसून की विदाई में अब छह दिन बाकी हैं। इस बार भी सितंबर के आखिरी सप्ताह से प्रदेश में मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है। राजस्थान के कई जिलों से मानसून विदा हो चुका है।
सामान्य से 2.4 इंच कम बारिश
IMD के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 873.4 मिमी यानी 34.4 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है। सामान्य तौर पर इस अवधि तक 935.1 मिमी यानी 36.8 इंच बारिश होनी चाहिए थी। इस हिसाब से प्रदेश में अब तक 2.4 इंच कम पानी गिरा है। ओवरऑल बारिश सामान्य से 7% कम है।
पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश 2% और पश्चिमी हिस्से में औसत से 11% कम हुई है। पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश करीब 2% कम है।
बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 5% से 23% तक कम बारिश हुई है। हालांकि, पिछले एक सप्ताह में बारिश के आंकड़े में काफी सुधार आया है। गुरुवार को भी यह आंकड़ा माइनस 2% था।
पश्चिमी हिस्से के इन जिलों में ज्यादा कमी
पश्चिमी मध्य प्रदेश के आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 8% से 50% तक कम बारिश दर्ज की गई है।
23 जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी
प्रदेश के 23 जिलों में इस सीजन अब तक औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी शामिल हैं।
