September 11, 2026

बहन से विवाद कर रहा था जीजा बचाव करने पहुंचे साले के पेट में घोंपा चाकू हमला करने के बाद मौके से फरार हुआ आरोपी

0
untitled-1789111937

शिवपुरी । शिवपुरी में पारिवारिक विवाद ने गुरुवार रात हिंसक रूप ले लिया। श्रीराम कॉलोनी के बाल्मीकि मोहल्ले में एक युवक पर उसके जीजा ने चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से 30 वर्षीय अनिल उर्फ अन्नी बाल्मीकि गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र करोसिया के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

बताया गया है कि विवाद की शुरुआत आरोपी धर्मेंद्र करोसिया और उसकी पत्नी के बीच पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर हुई थी। अनिल की पत्नी काजल बाल्मीकि के मुताबिक उसकी ननद की शादी अशोकनगर निवासी धर्मेंद्र करोसिया से हुई थी। बाद में दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि उनका तलाक हो गया। तलाक के बाद अनिल की ननद करीब सात महीने से शिवपुरी में अपने भाई और भाभी के साथ रह रही थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर धर्मेंद्र नाराज रहता था और अक्सर शिवपुरी आकर विवाद करता था।

गुरुवार रात करीब 8 बजे धर्मेंद्र एक बार फिर उनके घर पहुंचा। वहां उसने अपनी पूर्व पत्नी से विवाद शुरू कर दिया। घर में विवाद बढ़ता देख अनिल भी मौके पर पहुंच गया। अनिल के मुताबिक धर्मेंद्र उसकी बहन पर चाकू से हमला करने की कोशिश कर रहा था। बहन को बचाने के लिए वह दोनों के बीच आ गया। इसी दौरान धर्मेंद्र ने कथित तौर पर चाकू से अनिल के पेट में वार कर दिया।

चाकू लगते ही अनिल गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। हमले के बाद आरोपी धर्मेंद्र मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घर में अफरा तफरी मच गई। परिजन घायल अनिल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। पेट में चाकू लगने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घायल युवक के बयान दर्ज किए हैं। इसके आधार पर आरोपी धर्मेंद्र करोसिया के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है।

पुलिस इस पूरे मामले में पारिवारिक विवाद और तलाक के बाद चल रहे तनाव को भी जांच का हिस्सा बना रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आरोपी और उसकी पूर्व पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान अनिल के बीच में आने पर उस पर चाकू से हमला किया गया।

फिलहाल घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना ने इलाके में भी सनसनी फैला दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी सामने लाया जाएगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *