रायबरेली में राहुल गांधी की दिशा बैठक से पहले सपा विधायकों का प्रदर्शन, पोस्टर-बैनर लहराकर की नारेबाजी
रायबरेली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक से पहले बुधवार को रायबरेली में सियासी माहौल गरमा गया। बैठक शुरू होने से पहले सपा विधायक राहुल लोधी और श्याम सुंदर भारती ने पोस्टर-बैनर लहराकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। विधायकों ने सवाल उठाया कि जब आम लोगों की समस्याएं अब भी बनी हुई हैं तो दिशा की बैठक आयोजित करने का क्या फायदा है।
राहुल गांधी के बैठक स्थल पर पहुंचने से पहले पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे दोनों विधायकों से पोस्टर और बैनर ले लिए। इसके बाद राहुल गांधी बैठक में पहुंचे, जहां डीएम सरनीत कौर और एसपी रवि कुमार ने उनका स्वागत किया। बैठक के दौरान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे राहुल गांधी के अगल-बगल बैठे नजर आए।
भुएमऊ गेस्ट हाउस में लगाया जनता दरबार
दिशा बैठक से पहले राहुल गांधी भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां जनता दरबार आयोजित किया गया, जहां सपा नेताओं समेत अन्य लोगों ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस की एक महिला नेता ने राहुल गांधी को राखी बांधी और टीका लगाया। अपने दो दिवसीय यूपी दौरे के आखिरी दिन राहुल गांधी ने सांसद निधि से करीब तीन करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
पहली कोशिश में नहीं उतर सकी फ्लाइट
राहुल गांधी मंगलवार को दिल्ली से एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 से लखनऊ पहुंचे थे। लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान की पहली कोशिश में लैंडिंग नहीं हो सकी। करीब 25 मिनट तक विमान हवा में चक्कर लगाता रहा। इसके बाद दूसरी कोशिश में विमान की सफल लैंडिंग हुई। 2024 में सांसद बनने के बाद रायबरेली का यह राहुल गांधी का आठवां दौरा है। इससे पहले वे 19-20 मई को दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर रायबरेली पहुंचे थे।
