September 4, 2026

2007 की हिट ‘हे बेबी’ लौट रही है पर्दे पर! अक्षय कुमार की फिल्म के सीक्वल पर आया बड़ा अपडेट

0
untitled-1788510217

नई दिल्ली । अक्षय कुमार के फैंस के लिए बॉलीवुड से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। साल 2007 में रिलीज हुई सुपरहिट कॉमेडी फिल्म हे बेबी का सीक्वल अब बनना तय हो गया है। करीब दो दशक बाद फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर आधिकारिक तौर पर बड़ा अपडेट सामने आया है। इस खबर की पुष्टि खुद फिल्म प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला ने की है। सीक्वल की खबर सामने आते ही अक्षय कुमार और फिल्म के पुराने फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है।

दरअसल 3 सितंबर को साजिद नाडियाडवाला ने न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स का मुंबई स्थित अपने ऑफिस में स्वागत किया। इस मुलाकात की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर कीं। इसी दौरान उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में तीन फिल्मों की शूटिंग को लेकर डील साइन की गई है। खास बात यह है कि इन तीन फिल्मों में हे बेबी का सीक्वल भी शामिल है। हे बेबी का पहला पार्ट भी ऑस्ट्रेलिया में शूट किया गया था।

हे बेबी साल 2007 में रिलीज हुई थी और इसमें अक्षय कुमार के साथ फरदीन खान और रितेश देशमुख मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन साजिद खान ने किया था। कहानी तीन ऐसे कुंवारे दोस्तों के इर्द गिर्द घूमती है जिनकी जिंदगी उस वक्त पूरी तरह बदल जाती है जब उनके घर के दरवाजे पर एक छोटी बच्ची पहुंच जाती है। बाद में पता चलता है कि उन तीनों में से एक उस बच्ची का पिता है।

शुरुआत में तीनों दोस्त बच्ची की जिम्मेदारी लेने से बचते हैं लेकिन धीरे धीरे उस मासूम बच्ची के साथ उनका रिश्ता गहरा होता जाता है। कॉमेडी के साथ इमोशनल कहानी ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। फिल्म में विद्या बालन फीमेल लीड रोल में थीं जबकि शाहरुख खान ने कैमियो किया था।

अब हे बेबी 2 की घोषणा ने सबसे बड़ा सवाल इसकी स्टारकास्ट को लेकर खड़ा कर दिया है। फैंस चाहते हैं कि सीक्वल में पुरानी कास्ट को ही वापस लाया जाए। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने अक्षय कुमार रितेश देशमुख और फरदीन खान को दोबारा एक साथ देखने की इच्छा जताई है। वहीं कुछ फैंस अक्षय कुमार और साजिद खान की जोड़ी की वापसी को लेकर भी उत्साहित हैं।

पहली फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन की बात करें तो इसे समीक्षकों से मिली जुली प्रतिक्रिया मिली थी लेकिन दर्शकों के बीच फिल्म सफल रही थी। बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 36 करोड़ रुपये था जबकि भारत में फिल्म ने लगभग 65.94 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था।

फिलहाल हे बेबी 2 की कहानी कलाकारों और रिलीज डेट को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन करीब 19 साल बाद इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी की वापसी निश्चित रूप से अक्षय कुमार के फैंस के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *