हल्द्वानी में नकली पुलिस बनकर 8 लाख कैश और मोबाइल की हुई लूट
-
फिल्मी अंदाज में ऑफिस में घुसे बदमाश!
Robbery in Haldwani: हल्द्वानी में बुधवार देर रात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र में 10 से 12 हथियारबंद बदमाश खुद को पुलिस की SOG टीम बताकर एक कमर्शियल ऑफिस में घुस गए। उस समय ऑफिस में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे और जुआ खेल रहे थे। बदमाशों ने तमंचे के बल पर करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठियां समेत 12 मोबाइल फोन लूट लिए और फरार हो गए।
नैनीताल के हल्द्वानी में कल रात हुई एक डकैती की घटना से अक्षय कुमार की “स्पेशल-26” और अजय देवगन की “रेड” फ़िल्म की याद ताज़ा हो गई।
बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र में एक कमर्शियल ऑफिस में पार्टी चल रही थी, तभी वहाँ 10-12 हथियारबंद बदमाश घुसे, जिन्होंने ख़ुद को SOG (पुलिस) से… pic.twitter.com/S5BXZfkVJI— Ajit Singh Rathi (@AjitSinghRathi) August 20, 2026
कार से आए बदमाश, खुद को बताया SOG टीम
जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात एक कार गोरापड़ाव क्षेत्र स्थित कमर्शियल ऑफिस के बाहर आकर रुकी। कार से 8 से 10 बदमाश उतरे और सीधे ऑफिस के अंदर घुस गए। अंदर पहुंचते ही बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों पर तमंचे तान दिए। उन्होंने खुद को पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) टीम का सदस्य बताया। अचानक हुई इस कार्रवाई से ऑफिस में मौजूद लोग डर गए। उन्हें लगा कि जुआ खेलने की सूचना मिलने पर पुलिस ने छापा मारा है। इसी वजह से किसी ने बदमाशों का विरोध नहीं किया।
टेबल पर रखे रुपये समेटे
बदमाशों ने हथियारों के दम पर वहां मौजूद लोगों को धमकाया और टेबल पर रखी रकम अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद उन्होंने लोगों के हाथों से सोने की अंगूठियां भी उतरवा लीं। बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों से दो सोने की चेन भी उतरवा लीं। इसके अलावा वे 12 मोबाइल फोन भी लूटकर अपने साथ ले गए।
मोबाइल लूटने के पीछे ये है आशंका
बदमाश जाते समय वहां मौजूद लोगों के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने लोगों को तत्काल पुलिस को सूचना देने से रोकने के लिए मोबाइल लूटे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश कार में सवार हुए और बरेली रोड की ओर फरार हो गए।
उत्तराखंड के हल्द्वानी में गोरापड़ाव में देर रात हथियारबंद 10 से ज्यादा बदमाशों ने एक ऑफिस में जुआ खेल रहे लोगों को निशाना बनाया। बदमाश करीब 8 लाख रुपये, सोने की चेन-अंगूठियां और 12 मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
लुटेरे ऑफिस की CCTV DVR भी साथ ले गए। बाहर लगे कैमरों में दो गाड़ियां… pic.twitter.com/yJZrADJDK3
— Danish Khan (@danishrmr) August 20, 2026
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।
4 टीमें बदमाशों की तलाश में गठित
SP सिटी मनोज कत्याल के मुताबिक, मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस की सर्विलांस टीम इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस बदमाशों तक पहुंचने के लिए सर्विलांस की मदद ले रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
