कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय बोले- भाजपा चाहे जितनी रोक लगाए, प्रयागराज में हर हाल में होगा 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम
दरअसल, प्रयागराज में प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए तय आयोजन स्थल की अनुमति कायस्थ पाठशाला (केपी ट्रस्ट) के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने निरस्त कर दी है। इसके बाद अजय राय और स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने उनसे मुलाकात का प्रयास किया, लेकिन भेंट नहीं हो सकी।
‘सरकार के दबाव में रद्द हुई अनुमति’
अजय राय ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की अनुमति 30 जुलाई को दी गई थी, लेकिन बाद में सरकार के दबाव में उसे वापस ले लिया गया। उन्होंने कहा कि इससे पहले राजस्थान के कोटा और उत्तराखंड के देहरादून में भी इसी तरह कार्यक्रम रोकने की कोशिश की गई थी, लेकिन अंततः सरकारों को अनुमति देनी पड़ी।
युवाओं से की कार्यक्रम में पहुंचने की अपील
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी वीडियो संदेश में अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार चाहे जितनी बाधाएं खड़ी कर ले, 8 अगस्त को प्रयागराज की पावन धरती पर राहुल गांधी का “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम हर हाल में होगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं और प्रतियोगी परीक्षार्थियों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और युवाओं से बड़ी संख्या में प्रयागराज पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने और राहुल गांधी के साथ अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।
