मौसम खराब होते ही लड़खड़ाई हेली सेवा, 15 दिन से नहीं पहुंचा पंतनगर हेलीकॉप्टर!
-
खासकर अल्मोड़ा, नैनीताल और देहरादून जाने वाले यात्री हो रहे परेशान
पंतनगर। देहरादून से पंतनगर वाया अल्मोड़ा संचालित पवन हंस की हेलीकॉप्टर सेवा पिछले 15 दिनों से बंद पड़ी है। लगातार खराब मौसम और इस दौरान कम दृश्यता के चलते सुरक्षा कारणों से उड़ानों का संचालन नहीं हो पा रहा है।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से अन्य जिलों को जोड़ने के लिए लगभग तीन माह पहले हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से यात्रियों में खासा उत्साह था। लेकिन लगातार उड़ानें प्रभावित होने से उन्हें निराशा का सामना करना पड़ रहा है। पहले तो दून में मौसम खराब हो तो वहीं से हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भरता है। यदि वहां से उड़ान भर भी ली, तो अल्मोड़ा में उतरना मुश्किल, उतर भी गया तो फिर उड़ान भरना मुश्किल और उसके बाद पंतनगर में विजिबिलिटी पर निर्भर है कि वह यहां के लिए उड़ान भरे या वापस देहरादून लौट जाए।
स्थिति यह है कि पिछले 15 दिन में केवल एक बार हेलीकॉप्टर ने देहरादून से तो उड़ान भरी और अल्मोड़ा तक पहुंचा भी। परंतु पंतनगर में विजिबिलिटी कम होने के चलते वापस दून लौट गया। इस अनियमित हेली सेवा से खासकर अल्मोड़ा, नैनीताल और देहरादून जाने वाले यात्रियों को दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
इस संबंध में पवन हंस लिमिटेड के प्रबंधक रनेन्द्र देउरी का कहना है कि लगातार खराब मौसम के कारण उड़ानों का संचालन संभव नहीं हो पा रहा है। जैसे ही मौसम पूरी तरह सामान्य होगा, हेलीकॉप्टर सेवा फिर से नियमित रूप से संचालित की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए मौसम अनुकूल होने पर ही उड़ानें संचालित की जाएंगी।
