June 22, 2026

International Yoga Day: देवभूमि हुई योगमय, पहाड़ से मैदान तक आम से खास तक हर किसी ने किया योगाभ्यास

0
ITBP Yog- uttarakhand
  • हर किसी पर चढ़ा योग का रंग

देवभूमि आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगमय हो गई। मैदान से पहाड़ तक हर किसी पर योग का रंग चढ़ा दिखा। वहीं, चारधाम से लेकर औली में भी योग किया गया।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के बनबसा में भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम हुआ। योग दिवस पर मंत्री विधायकों से लेकर आम जनता ने भी योग से रहें निरोग का संदेश दिया।

इस दौरान धर्मनगरी हरिद्वार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में योग उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तराखंड के लोकगीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गईं।

योग दिवस पर जहां देश-दुनिया से योग की भव्य तस्वीरें सामने आ रही हैं, वहीं आस्था के केंद्र देवप्रयाग संगम तट से एक बेहद निराशाजनक तस्वीर देखने को मिली। हर साल योग दिवस के नाम पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाले नेता, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी इस बार संगम घाट से पूरी तरह नदारद रहे। इस बार यहां योग दिवस की औपचारिकता सिर्फ राष्ट्रीय कैडेट कोर के नौ कैडेटों और उनके एक शिक्षक के भरोसे पूरी होती दिखाई दी।

वहीं योग दिवस के विशेष अवसर पर औली स्थित आईटीबीपी स्कीइंग संस्थान के जवानों ने 13,780 फीट की ऊंचाई पर रोहतांग की बर्फीली चोटियों पर योगाभ्यास कर नया कीर्तिमान रचा है। इन दिनों टीम स्किंग का प्रशिक्षण भी ले रही है।

योग दिवस पर गोपेश्वर के पुलिस मैदान में योग शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट ने किया। शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।

इधर, पौड़ी जिला मुख्यालय स्थित शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह स्टेडियम, रांसी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

जबकि बदरीनाथ धाम में 23 वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट महावीर सिंह आईटीबीपी माणा चौकी के ओर से आयोजित किया गया। वहीं, योग स्वामी रामदास के साथ 10 देशों से आए विदेशी मेहमानों ने चरनपादुका नीलकंठ बेस पर योग किया।

Yog-Haldwani
                                                                     Yog at Haldwani

योगनगरी ऋषिकेश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। योग नगरी रेलवे स्टेशन परिसर स्थित पार्क में अधिकारियों और कर्मचारियों ने योगाभ्यास कर योग दिवस मनाया व नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

वहीं गंगोत्री धाम में शिवानंद आश्रम के योग साधकों द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस, आइटीबीपी, एसडीआरएफ, पीएसी, एवं अन्य इच्छुक यात्रियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। यह आयोजन सकुशल संपन्न हुआ।

इसके अलावा देहरादून एयरपोर्ट पर आर्ट ऑफ लिविंग संस्था द्वारा एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई), विभिन्न एयरलाइंस और सीआईएसएफ के अधिकारियों, कर्मचारियों ने भाग लिया।

इसी प्रकार परमार्थ निकेतन में योग दिवस पर पूरा दिन योग, ध्यान, प्राणायाम का अभ्यास कराया जा रहा है। स्वामी चिदानंद ने कहा कि यह भव्य आयोजन एक बार फिर सिद्ध करता है कि भारत केवल योग की जन्मभूमि ही नहीं, बल्कि विश्व को शांति, सद्भाव, आध्यात्मिक चेतना और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना से जोड़ने वाला विश्वगुरू है।
तहसील क्षेत्र की शिवनगरी लाखामंडल में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का शुभारंभ शिव मंदिर प्रांगण में श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम प्रधान बीना भट्ट एवं नोडल अधिकारी डॉ. भगत सिंह पंवार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *