June 10, 2026

राजवाड़ा में गूंजा मालवा का रंग, विदेशी मेहमानों ने किया लोकनृत्य

0
untitled-1781079292

मध्यप्रदेश। इंदौर में आयोजित पांच दिवसीय ब्रिक्स कृषि सम्मेलन के दूसरे दिन शहर की सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण विकास मॉडल ने विदेशी प्रतिनिधियों का दिल जीत लिया। बुधवार सुबह 20 देशों से आए प्रतिनिधियों ने ऐतिहासिक राजवाड़ा पहुंचकर इंदौर की समृद्ध विरासत, संस्कृति और इतिहास को करीब से जाना। इस दौरान विदेशी मेहमानों ने न केवल शहर की ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया, बल्कि मालवा की लोक संस्कृति और कृषि उत्पादों का भी अनुभव किया।

राजवाड़ा पहुंचने पर प्रतिनिधियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। होलकरकालीन इस ऐतिहासिक धरोहर के महत्व और इंदौर के गौरवशाली इतिहास की जानकारी इतिहासकार जफर अंसारी ने दी। उन्होंने मेहमानों को राजवाड़ा के स्थापत्य, होलकर राजवंश के योगदान और शहर की सांस्कृतिक विरासत के बारे में विस्तार से बताया। विदेशी प्रतिनिधियों ने ऐतिहासिक भवन की वास्तुकला और उसकी भव्यता की सराहना की।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ढक्कनवाला कुआं स्थित ग्रामीण हाट बाजार पहुंचा, जहां मध्यप्रदेश की कृषि, हस्तशिल्प, ग्रामीण उद्यमिता और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। यहां विदेशी मेहमानों का मालवी परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। उन्हें पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे वे बेहद उत्साहित नजर आए।

ग्रामीण हाट में जनजातीय और लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। ढोल-मांदल और लोकधुनों की गूंज के बीच कई विदेशी प्रतिनिधि स्वयं को रोक नहीं सके और कलाकारों के साथ मंच पर थिरकते दिखाई दिए। मालवा की संस्कृति से उनका यह जुड़ाव सम्मेलन का सबसे आकर्षक दृश्य बन गया। विदेशी मेहमानों ने लोकनृत्य की लय और उत्साह की खुलकर सराहना की।

प्रतिनिधियों ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) योजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया। बुरहानपुर के केले से बने उत्पाद, बालाघाट का जीआई टैग प्राप्त चिन्नौर चावल, रीवा के प्रसिद्ध आम, झाबुआ की पारंपरिक फसलें और अन्य कृषि उत्पादों ने उनका ध्यान आकर्षित किया। विशेष रूप से मध्यप्रदेश के आमों का स्वाद विदेशी प्रतिनिधियों को खूब पसंद आया। उन्होंने आमों की गुणवत्ता, मिठास और सुगंध की प्रशंसा करते हुए इसे प्रदेश की विशेष पहचान बताया।

मृगनयनी के स्टॉल पर प्रदर्शित चंदेरी, महेश्वरी और कोसा वस्त्रों ने भी मेहमानों को प्रभावित किया। इसके अलावा प्राकृतिक शहद, ए-2 दुग्ध उत्पाद, हर्बल सामग्री और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को भी खूब सराहना मिली। प्रतिनिधियों ने ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता के प्रयासों की प्रशंसा की।

ब्रिक्स कृषि सम्मेलन के माध्यम से मध्यप्रदेश ने दुनिया के सामने अपनी कृषि क्षमता, प्राकृतिक खेती के मॉडल, ग्रामीण नवाचार और सांस्कृतिक समृद्धि को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। विदेशी प्रतिनिधियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने यह साबित कर दिया कि प्रदेश न केवल कृषि क्षेत्र में बल्कि संस्कृति और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी वैश्विक पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *