Uttarakhand samachar: कुमाऊं के सबसे बड़े अस्पताल को उड़ाने की धमकी, प्रिंसिपल को मेल आया
– MBBS समेत सभी कक्षाएं स्थगित; 12 अदालतों को धमकी मिल चुकी

कुमाऊं के सबसे बड़े अस्पताल सुशीला तिवारी और राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिली है। यह ईमेल कॉलेज के प्रिंसिपल की आधिकारिक ईमेल आईडी आया। एहतियातन एमबीबीएस से लेकर एमडी और एमएस तक की सभी शैक्षणिक कक्षाएं तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी गई हैं।
प्रिंसिपल कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, संदिग्ध ईमेल मिलते ही पुलिस प्रशासन को सूचित कर दिया गया। सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और परिसर में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है।
कालेज प्रशासन ने छात्र-छात्राओं और स्टाफ की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि जब तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक नियमित कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी। विद्यार्थियों को अनावश्यक रूप से परिसर में न आने की सलाह दी गई है।
संदिग्ध ईमेल से मचा हड़कंप: खाली कराया परिसर
प्रिंसिपल कार्यालय को जैसे ही यह धमकी भरा ईमेल मिला, पूरे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कॉलेज प्रबंधन ने बिना देरी किए पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी।
सुरक्षा घेरा- सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुंच गया है।
बारीकी से जांच- सुरक्षा एजेंसियां कॉलेज के छात्रावासों, लैब, लाइब्रेरी और मुख्य भवन की सघन चेकिंग कर रही हैं।
परिसर से दूर रहने की सलाह
छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
कक्षाएं सस्पेंड: जब तक पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे परिसर को ‘क्लीन चिट’ नहीं दे देतीं, तब तक कोई भी क्लास संचालित नहीं होगी।
एडवाइजरी जारी: विद्यार्थियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अनावश्यक रूप से कॉलेज परिसर में न घूमें और हॉस्टल के कमरों में भी सतर्कता बरतें।
साइबर सेल: रडार पर ‘धमकी भरा मेल’
पुलिस की साइबर सेल टीम ईमेल के IP एड्रेस को ट्रैक करने में जुट गई है। शुरुआती जांच में इसे किसी की शरारत या सनसनी फैलाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है, लेकिन प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता।
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह का कहना है कि, उत्तराखंड की अदालतों को लगातार इस तरह की धमकियां मिल रही हैं। हमारी जांच में आया है कि ऐसे मेल यूपी, राजस्थान व दक्षिण के राज्यों में भी भेजे गए हैं। इससे पहले देश के कई स्कूलों को भी इसी तरह से धमकियां मिल चुकीं हैं।
अदालतों को मिल चुकी हैं धमकी
उत्तराखंड में 19 फरवरी को 6 अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इनमें नैनीताल हाईकोर्ट सहित देहरादून, नैनीताल, चंपावत, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा डिस्ट्रिक्ट कोर्ट शामिल थी। नैनीताल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को तीसरी बार धमकी भरा ई-मेल मिला था।
