March 9, 2026

दर्दनाक हादसा: पानी से भरी बाल्टी में डूबने से 10 महीने की बच्ची की मौत, मासूम को देख मां के पैरों तले खिसकी जमीन

0

भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहजहानाबाद इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पानी से भरी बाल्टी में गिरकर डूबने से 10 महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची का शव देख मां सन्न रह गई और परिवार में मातम पसर गया। जानकारी के मुताबिक, कारण सिंह जाटव पीएनबी कॉलोनी, ईदगाह हिल्स में अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में उनकी पत्नी, पांच साल का बेटा और 10 महीने की बेटी प्रनिसा शामिल थी। बुधवार शाम के समय बच्ची घर में खेल रही थी। इसी दौरान वह खेलते-खेलते बाथरूम में चली गई, जहां पानी से भरी बाल्टी रखी हुई थी।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और वह बाल्टी में गिर गई। हादसे के वक्त बच्ची की मां किचन में खाना बना रही थी और किसी को भी इस अनहोनी की भनक नहीं लगी। करीब 10 मिनट बाद जब मां बाथरूम पहुंची तो बच्ची को बाल्टी में डूबा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्ची का चेहरा नीला पड़ चुका था और उसकी हालत बेहद गंभीर थी। घबराई मां तुरंत बच्ची को लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद मासूम को बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा लापरवाही से हुआ दुर्घटना प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को घर में अकेला न छोड़ें और पानी से भरी बाल्टियों या खुले बर्तनों को बच्चों की पहुंच से दूर रखें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *