March 8, 2026

वॉशिंगटन सुंदर विवाद मामले में मोहम्मद कैफ ने गौतम गंभीर को सुनाई खरी-खोटी, बोले-टीम में दोहरा रवैया!

0
mohamad-kaif-1768291565


नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले वनडे के बाद टीम इंडिया के मैनेजमेंट पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चोटिल वॉशिंगटन सुंदर को बल्लेबाजी के लिए भेजने के फैसले ने विवाद को जन्म दे दिया है। अब इस मुद्दे पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने खुलकर नाराजगी जाहिर करते हुए हेड कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट पर डबल स्टैंडर्ड अपनाने का आरोप लगाया है।

वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में भारत को जीत के लिए 301 रनों का लक्ष्य मिला था। मैच बेहद अहम मोड़ पर था, तभी चोटिल वॉशिंगटन सुंदर को बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। सुंदर ने 7 गेंदों में नाबाद 7 रन बनाए और केएल राहुल के साथ मिलकर भारत को जीत दिलाई। हालांकि जीत के तुरंत बाद ही उन्हें पूरी सीरीज से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह आयुष बदोनी को टीम में शामिल किया गया। इसी फैसले ने कई सवाल खड़े कर दिए।

मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस पूरे मामले पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि अगर वॉशिंगटन सुंदर इतने ज्यादा चोटिल थे कि उन्हें बाद में पूरी सीरीज से बाहर करना पड़ा, तो फिर उन्हें बल्लेबाजी के लिए मैदान पर क्यों भेजा गया। कैफ के मुताबिक, यह टीम मैनेजमेंट का साफ तौर पर दोहरा रवैया दिखाता है।

कैफ ने इस दौरान शुभमन गिल का उदाहरण भी दिया। उन्होंने याद दिलाया कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जब शुभमन गिल चोटिल थे, तब टीम मैनेजमेंट ने उन्हें पूरी तरह आराम दिया था। कोलकाता टेस्ट में टीम को महज 20–30 रन की जरूरत थी, फिर भी गिल को बल्लेबाजी के लिए नहीं भेजा गया ताकि उनकी चोट न बढ़े। कैफ का कहना है कि अगर वही सोच उस समय सही थी, तो वॉशिंगटन सुंदर के मामले में उसे क्यों नजरअंदाज किया गया।

पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने साफ कहा कि मैच जीत जाना इस फैसले को सही नहीं ठहरा सकता।

दबाव की स्थिति में चोटिल खिलाड़ी को बल्लेबाजी के लिए भेजना हमेशा जोखिम भरा होता है। उन्होंने बताया कि सुंदर डबल रन नहीं ले पा रहे थे और सिर्फ सिंगल रन पर निर्भर थे, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि वह पूरी तरह फिट नहीं हैं। ऐसी स्थिति में उनकी चोट और गंभीर हो सकती थी।

कैफ ने यह भी कहा कि उस समय टीम इंडिया के पास अन्य विकल्प मौजूद थे। रन रेट अगर प्रति गेंद एक रन के आसपास था, तो कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज या प्रसिद्ध कृष्णा जैसे खिलाड़ियों को भी बल्लेबाजी के लिए भेजा जा सकता था। चोटिल खिलाड़ी को तभी मैदान में उतारना चाहिए, जब कोई और विकल्प बिल्कुल न बचे।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे फैसलों से खिलाड़ी की छोटी चोट भी लंबी हो सकती है। एक हफ्ते या दस दिन में ठीक होने वाली चोट 20–25 दिन तक खिंच सकती है, जो आगे चलकर टीम के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकती है।

मोहम्मद कैफ का साफ मानना है कि वॉशिंगटन सुंदर को बल्लेबाजी के लिए भेजना एक गलत और जोखिम भरा फैसला था। इस पूरे मामले ने टीम इंडिया के मैनेजमेंट की सोच और फैसलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब आने वाले दिनों में जरूरी माना जा रहा है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *