Train Accident in Uttarakhand: चमोली THDC सुरंग में टकराई दो लोको ट्रेनें, 60 मजदूर घायल
– Chamoli THDC Tunnel: डीएम ने बताया कि लगभग 100 लोगों में से लगभग 60 घायल होने की सूचना है. कुछ मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

“पीपलकोटी में स्थित THDC (थर्मल हाइड्रो पनबिजली परियोजना) जल विद्युत परियोजना की सुरंग में मंगलवार रात करीब 9:00 बजे शिफ्ट बदलने के दौरान सुरंग में चल रही दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं। बताया गया कि हादसे के समय ट्राली में लगभग 110 इंजीनियर, कर्मचारी और मजदूर सवार थे। सभी लोग अपनी शिफ्ट पूरी कर बाहर लौट रहे थे। इसी दौरान सुरंग के भीतर एक ट्राली का ब्रेक फेल हो गया और वह सामने चल रही दूसरी ट्राली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रालियां पलट गईं।
घटना के बाद सुरंग में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। घायलों में से 42 लोगों को जिला अस्पताल गोपेश्वर और 17 को विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है। बाकी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
अधिकतर मजदूर, बिहार-ओडिशा के…
हादसे में घायल हुए अधिकतर मजदूर बिहार, ओडिशा और झारखंड के रहने वाले हैं। जिला प्रशासन और परियोजना प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात को संभाला।
डीएम ने घायलों का जाना हाल
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और वहां भर्ती घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 100 लोगों में से लगभग 60 घायल होने की सूचना है। इसमें 42 घायल मजदूरों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में और 17 घायल मजदूरों का उपचार विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में किया जा रहा है अन्य की स्थिति सामान्य है। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घायलों को एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी ने बताया कि हादसा शिफ्ट बदलने के समय हुआ। गंभीर रूप से घायल लोगों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर आया है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
दरअसल मंगलवार रात शिफ्ट बदलने के दौरान मजदूरों को सुरंग के अंदर ले जाया जा रहा था। लगभग 4.5 किलोमीटर अंदर चलने के बाद उसी ट्रैक में एक दूसरी लोको खड़ी होने के कारण आपस में टक्कर हो गई. इस टक्कर की वजह से लोको के दो डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए, जिससे उसमें बैठे मजदूरों को चोटें आईं।
विष्णुगाड़‑पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना क्या है ?
उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित इस जल विद्युत परियोजना का 2013-2014 में निर्माण शुरू हुआ था। परियोजना की कुल क्षमता 444 मेगावाट है और इसका वार्षिक उत्पादन लगभग 1657 मिलियन यूनिट होगा। इसमें 65 मीटर ऊंचा डायवर्जन बांध, टनल और पाइपलाइन सिस्टम शामिल हैं। 13% बिजली उत्तराखंड को निशुल्क दी जाएगी और 1% स्थानीय विकास में उपयोग होगा।
बताया जा रहा है कि चमोली का यह 444-मेगावाट का हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट हेलंग और पीपलकोटी के बीच अलकनंदा नदी पर बनाया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट से चार टर्बाइन के जरिए 111 मेगावाट बिजली पैदा की जाएगी। इसका काम अगले साल तक पूरा होने की संभावना है।
