भारत और अमरीका के बीच सात घंटे चली व्यापार वार्ता
-
ट्रेड डील: डेढ़ माह बाद सकारात्मक रही बातचीत

भारत और अमरीका के बीच डेढ़ माह से रुकी व्यापार वार्ता मंगलवार को फिर शुरू हुई। सहायक अमरीकी व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच और भारतीय समकक्ष वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश अग्रवाल के बीच नई दिल्ली में सात घंटे बातचीत चली। बैठक में निर्णय लिया गया कि लाभकारी व्यापार समझौते के लिए प्रयास तेज किए जाएंगे। वाणिज्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, इस बैठक को छठे दौर की वार्ता के रूप में नहीं, बल्कि उससे पहले की बातचीत के रूप में देखा जाना चाहिए।
छठे दौर की वार्ता 25 अगस्त को नई दिल्ली में होनी थी, लेकिन तनाव बढ़ने के बाद रद्द हो गई थी। यह बैठक दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के संकेतों के बीच हुई है, जिसमें अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले सप्ताह सोशल मीडिया पर सुलह के संदेश पोस्ट किए थे। इस बीच भारत स्थित थिंक टैंक ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआइ) ने कहा गया है कि वार्ता की प्रगति इस बात पर निर्भर करेगी कि अमरीका, भारत से 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ हटाता है या नहीं। संस्था के अजय श्रीवास्ताव ने कहा कि अमरीका, भारत के साथ समझौते के लिए बेताब दिख रहा है, जबकि उसके अधिकारी भारत के लिए गलत भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
संकेत अच्छे हैं: रुपया 8 पैसे चढ़ा
अमरीका-भारत व्यापार पटरी पर लौटने की उम्मीद बढ़ने से मंगलवार को रुपया अमरीकी डॉलर के मुकाबले 8 पैसे मजबूत होकर 88.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा, सकारात्मक घरेलू बाजारों और कमजोर डॉलर के कारण रुपए में मजबूती आई।
